Page Loader
सोने की कीमतों में आज फिर दर्ज हुई बढ़त, क्या है इस तेजी की वजह? 
सोने की कीमतों में आज फिर दर्ज हुई बढ़त (तस्वीर: पिक्साबे)

सोने की कीमतों में आज फिर दर्ज हुई बढ़त, क्या है इस तेजी की वजह? 

Jun 02, 2025
10:48 am

क्या है खबर?

रूस-यूक्रेन तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल के बीच आज (2 जून) सुबह घरेलू वायदा बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखी गई। MCX पर 5 अगस्त का गोल्ड अनुबंध सुबह 9:10 बजे करीब 0.26 प्रतिशत चढ़कर 96,125 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। घरेलू बाजार में खरीद बढ़ने और डॉलर में गिरावट की वजह से भी सोने को सहारा मिला। बीते कुछ दिनों में सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

वजह

सोने की तेजी के पीछे हैं कई बड़ी वजहें

सोने की कीमतों में तेजी का मुख्य कारण रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ा तनाव है। यूक्रेन ने रूस पर बड़ा ड्रोन हमला किया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्टील और एल्युमीनियम पर टैरिफ दोगुना करने की बात कही है। इसके अलावा, अमेरिका-चीन व्यापार तनाव भी बढ़ा है। इन सारी घटनाओं से शेयर बाजार में दबाव आया और निवेशक सोने की ओर लौटे हैं।

राय

विशेषज्ञों की क्या है राय? 

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में सोने की कीमतों में कभी बढ़त तो कभी गिरावट देखने को मिल सकती है। अभी सोना नीचे 95,100 रुपये के आसपास थमता दिख रहा है और ऊपर 96,660 रुपये तक जा सकता है। चांदी को नीचे 95,500 रुपये पर सहारा और ऊपर 98,450 रुपये तक रुकावट मिल रही है। लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी खरीद या बिक्री से पहले बाजार की चाल को ठीक से समझ लें।

नजर 

फेड चेयरमैन के भाषण पर भी रहेगी सबकी नजर 

सोने की चाल पर आज अमेरिका के फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल के भाषण का असर पड़ सकता है। उनके बयान से ब्याज दरों को लेकर अनुमान लगाया जाएगा। डॉलर इंडेक्स में गिरावट से विदेशी बाजारों में सोना सस्ता हुआ है, जिससे इसकी मांग बढ़ी है। इस समय दुनियाभर में निवेशक अस्थिर माहौल के चलते सोने में भरोसा जता रहे हैं। इसके अलावा, भारत में भी घरेलू मांग में सुधार देखने को मिला है।