एलन मस्क का बड़ा ऐलान, अमेरिका के हर बच्चे को देंगे स्पेस-X का एक शेयर
क्या है खबर?
टेस्ला और स्पेस-X के प्रमुख एलन मस्क ने आज (19 अक्टूबर) एक बड़ा ऐलान किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मस्क ने कहा कि वह अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को स्पेस-X का एक शेयर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में वह इस तरह के और कदम उठाएंगे। हालांकि, मस्क ने अभी यह साफ नहीं किया है कि शेयर बांटने की योजना कैसे लागू होगी।
अधिकार
स्पेस-X में मस्क के पास है बड़ा अधिकार
कंपनी से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, मस्क के पास स्पेस-X के करीब 6.42 अरब शेयर हैं।
इन शेयरों के जरिए कंपनी में उनके पास 82 प्रतिशत से ज्यादा मतदान अधिकार हैं। उनकी हिस्सेदारी में अलग-अलग श्रेणियों के शेयर शामिल हैं। कुछ शेयर सीधे उनके पास हैं, जबकि कुछ एक ट्रस्ट के जरिए रखे गए हैं।
कंपनी के बड़े फैसलों पर मस्क का मजबूत नियंत्रण है। हालांकि, बच्चों को शेयर देने की योजना का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें मस्क का पोस्ट
Next year, I will give one of my SpaceX shares to every kid in America.
— Elon Musk (@elonmusk) October 19, 2026
This will be the first of many.
बाजार
स्पेस-X की बाजार में बड़ी मौजूदगी
साल 2002 में शुरू हुई स्पेस-X रॉकेट और अंतरिक्ष से जुड़ी तकनीक पर काम करती है।
कंपनी ने 12 जून को शेयर बाजार में पहली बार अपने शेयर उतारे और इस दौरान 85.7 अरब डॉलर जुटाए। इसके बाद कंपनी का बाजार मूल्य 2 लाख करोड़ डॉलर से ऊपर पहुंच गया।
स्पेस-X ने फरवरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI का अधिग्रहण भी किया था। उस समय दोनों कंपनियों के संयुक्त कारोबार का मूल्य 1.25 लाख करोड़ डॉलर बताया गया था।
बयान
एंथ्रोपिक के ऐलान के बाद मस्क का बयान
मस्क का यह बयान एंथ्रोपिक की उस घोषणा के बाद आया, जिसमें कंपनी ने अपने कुछ शेयर जनहित के कामों के लिए देने की बात कही थी।
एंथ्रोपिक शुरुआत में अपने 5 प्रतिशत शेयर एक सार्वजनिक लाभ कोष में देगी। कंपनी ने यह भी कहा कि भविष्य में उसकी कीमत बढ़ने पर अतिरिक्त शेयर देने पर विचार किया जा सकता है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के करीब 7.2 करोड़ बच्चे हैं।