Loading...
एंथ्रोपिक का बड़ा ऐलान, कंपनी जनहित के कामों में देगी अपने 5 प्रतिशत शेयर
एंथ्रोपिक 5 प्रतिशत शेयर जनहित के कामों के लिए देगी

एंथ्रोपिक का बड़ा ऐलान, कंपनी जनहित के कामों में देगी अपने 5 प्रतिशत शेयर

Oct 19, 2026
09:45 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने 5 फीसदी शेयर जनहित के कामों के लिए बनाए जाने वाले एक फंड को देने का ऐलान किया है। इस फंड से गैर-लाभकारी संगठनों और AI के कारण रोजगार पर पड़ने वाले असर से निपटने की कोशिशों को मदद मिल सकती है। यह घोषणा ऐसे समय हुई है, जब कंपनी शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है और उसकी संभावित कीमत 1 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा आंकी जा रही है।

प्रयास

AI से होने वाले नुकसान को कम करने की कोशिश

एंथ्रोपिक का कहना है कि प्रस्तावित फंड का इस्तेमाल समाज के हित से जुड़े कामों में किया जाएगा।

इसमें गैर-लाभकारी संस्थाओं की मदद और AI के कारण नौकरियों में होने वाले बदलावों से निपटने के प्रयास शामिल हो सकते हैं। कंपनी ने साफ किया है कि फंड के शेयरों का इस्तेमाल अमेरिका या दूसरे देशों में राजनीतिक चंदा देने या राजनीतिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर कंपनी का बोर्ड फंड को अतिरिक्त शेयर दे सकता है।

तैयारी

शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही कंपनी

एंथ्रोपिक की यह घोषणा ऐसे समय आई है, जब कंपनी शेयर बाजार में पहली बार अपने शेयर बेचने की तैयारी कर रही है।

पिछले सप्ताह कंपनी ने निवेशकों को बताया कि सितंबर के अंत तक 3 महीनों में उसका राजस्व बढ़कर 16.8 अरब डॉलर हो गया।

कंपनी AI तकनीक और उसे चलाने वाले ढांचे पर भारी निवेश कर रही है। उसे उम्मीद है कि AI सेवाओं की बढ़ती मांग से उसका कारोबार आगे भी बढ़ेगा।

ADVERTISEMENT

चिंता

AI से नौकरियों पर असर को लेकर चिंता

AI के बढ़ते इस्तेमाल से नौकरियों पर पड़ने वाले असर को लेकर दुनियाभर में चर्चा हो रही है।

कई कंपनियां नई तकनीक अपनाकर कामकाज तेज कर रही हैं और खर्च घटा रही हैं। वहीं, इससे कुछ नौकरियों की जरूरत कम होने की आशंका भी है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की 2024 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर में करीब 40 फीसदी नौकरियां AI से प्रभावित हो सकती हैं। विकसित अर्थव्यवस्थाओं में यह आंकड़ा 60 फीसदी तक पहुंच सकता है।

ADVERTISEMENT