Page Loader
एलन मस्क फिर बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति, बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ा
एलन मस्क फिर से दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने

एलन मस्क फिर बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति, बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ा

लेखन रजनीश
Jun 01, 2023
09:14 am

क्या है खबर?

टेस्ला और ट्विटर जैसी कंपनियों के मालिक और अरबपति अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। मस्क ने फ्रांसीसी अरबपति और लग्जरी टायकून बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़कर कर ये खिताब अपने नाम कर लिया है। बर्नार्ड के पिछड़ने के पीछे उनके LVMH के शेयरों की कीमत में गिरावट को वजह माना जा रहा है। उनकी संपत्ति में 2.6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है।

अमीर

इतनी है मस्क की कुल संपत्ति

मस्क की मौजूदा संपत्ति लगभग 15.8 लाख करोड़ रूपये और बर्नार्ड की संपत्ति लगभग 15.3 लाख करोड़ रूपये है। ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को पेरिस ट्रेडिंग में अरनॉल्ट के LVMH के शेयर 2.6 प्रतिशत नीचे थे। अप्रैल के बाद से LVMH का बाजार मूल्य लगभग 10 प्रतिशत गिर गया है। बाजार की अस्थिरता ने एक ही दिन में 74 वर्षीय बर्नार्ड की कुल संपत्ति से लगभग 90,000 करोड़ रुपये का सफाया कर दिया।

इंडेक्स

दोनों की संपत्ति में है इतना अंतर

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स से पता चलता है कि इस साल दुनिया में सबसे अमीर व्यक्ति की उपाधि के लिए कड़ा मुकाबला दिख रहा है। कभी मस्क तो कभी बर्नार्ड टॉप पर रहे। हालांकि, इस साल ज्यादा समय तक बर्नार्ड ही दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने रहे और मस्क दूसरे स्थान पर थे। अब जब मस्क शीर्ष स्थान पर हैं तो उस समय दोनों लोगों की संपत्ति में लगभग 50,000 करोड़ रुपये का अंतर है।

ब्रांड

मस्क और बर्नार्ड हैं इन कंपनियों के मालिक

बर्नार्ड ने LVMH की स्थापना की, जिसके पास लुई वितां, फेंडी और हेनेसी जैसे महंगे लग्जरी ब्रांड हैं। ब्लूमबर्ग समाचार एजेंसी के मुताबिक, चीन के बाजार में लग्जरी सेक्टर में कमी आई है और इससे LVMH के शेयरों में अप्रैल के बाद से गिरावट आई है। दूसरी तरफ मस्क टेस्ला, स्पेस-X, स्टारलिंक और न्यूरालिंक जैसी कंपनियों के मालिक हैं। हाल के दिनों में टेस्ला के शेयरों की कीमत बढ़ी है और मस्क को इसका फायदा भी मिला है।

टेस्ला

जब मस्क को पछाड़कर बर्नार्ड बने थे दुनिया के सबसे अमीर शख्स

दिसंबर, 2022 में मस्क को पछाड़ कर बर्नार्ड सबसे अमीर शख्स बने थे। उस समय मस्क के ट्विटर खरीदने के चलते टेस्ला और ट्विटर के शेयरों में गिरावट जारी थी। इससे मस्क से दुनिया के सबसे अमीर का ताज छिन गया था। अब फिर एक महीने में टेस्ला के शेयरों में 25 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। इससे मस्क की दौलत में 1 महीने में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक इजाफा हुआ है।