अपडेटेड मारुति ब्रेजा 23 जुलाई को होगी लॉन्च, जानिए क्या मिलेंगे बदलाव
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी 23 जुलाई को अपनी अपडेटेड ब्रेजा को लॉन्च करने जा रही है। कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में कंपनी की इस पेशकश में नया एक्सटीरियर, बेहतर इंटीरियर, नए फीचर्स और एक नया इंजन विकल्प मिलने की उम्मीद है। नई मारुति ब्रेजा में पहली बार टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो फ्रोंक्स में इस्तेमाल होता है। कार निर्माता के मानकों के हिसाब से इस इंजन के साथ CNG किट का विकल्प भी मिल सकता है।
बदलाव
अंदर-बाहर क्या होगा नया?
नई मारुति ब्रेजा में नए डिजाइन वाले बंपर और लाइटिंग शामिल होगी। LED टेल लैंप्स को एक सेगमेंटेड बार से जोड़ा जा सकता है, जैसा कि बड़ी विक्टोरिस SUV में देखा गया है। गाड़ी में नए 4-स्पोक अलॉय व्हील डिजाइन भी मिल सकता है। केबिन में नए ट्रिम मटीरियल और कलर स्कीम को छोड़कर ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इसमें 10.1-इंच की इंफोटेनमेंट स्क्रीन, पावर्ड ड्राइवर सीट, फ्रंट सीट वेंटिलेशन और एम्बिएंट लाइटिंग की सुविधा मिल सकती है।
पावरट्रेन
ऐसा होगा नया टर्बो इंजन
यह मारुति सुजुकी फ्रोंक्स वाले 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आएगी, जिसे ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है। फ्रोंक्स में यह इंजन 100hp की पावर और 148Nm का टॉर्क देता है। अभी ब्रेजा ही अपने सेगमेंट की एकमात्र ऐसी SUV है, जिसमें टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प नहीं है। सुरक्षा के लिए लेवल-2 ADAS भी शामिल हो सकता है। इसकी शुरुआती कीमत मौजूदा 8.26 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक होगी।