नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट की भारत में शुरू हुई टेस्टिंग, जानिए इसमें क्या फीचर्स मिलेंगे
क्या है खबर?
जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी सुजुकी ने पिछले महीने जापान ऑटो शो के दौरान नई स्विफ्ट को आधिकारिक तौर पर शोकेस किया था।
मारुति सुजुकी इस गाड़ी को इसी महीने लॉन्च करने की योजना बना रही है। अब इस गाड़ी को पहली बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। टेस्टिंग के दौरान यह गाड़ी पूरी तरह स्टीकर से ढकी थी।
आइये जानते हैं कि इस गाड़ी में क्या कुछ मिलने की उम्मीद है।
लुक
पहले से अलग होगा इस गाड़ी का लुक
नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट की लंबाई 3,860mm, चौड़ाई 1,735mm और ऊंचाई 1,500mm है। यह मौजूद मॉडल की तुलना में 15mm अधिक लंबी होगी, जबकि ऊंचाई 30mm और चौड़ाई 40mm कम होगी। व्हीलबेस पहले के समान 2,450mm है।
इसमें नई ग्रिल, L-आकार के LED DRLs और एक क्लैमशेल बोनट के साथ स्वेप्टबैक हेडलैंप दिए गए हैं। फ्लोटिंग रूफ लाइन के साथ दोनों दरवाजे पर हैंडल मिलते हैं। पीछे की तरफ इसमें एंगुलर टेललाइट्स और एक स्पोर्टी बंपर भी है।
इंजन
हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आएगी नई स्विफ्ट
जापान में सुजुकी स्विफ्ट को 1.2-लीटर ड्यूल जेट, ड्यूल VVT पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया गया था। हालांकि, भारत में इसे मौजूदा 1.2-लीटर K-सीरीज, नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ ही उतारा जाएगा।
कार निर्माता इसे नए हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ भी उतार सकती है, जो 35-40 किमी/लीटर का माइलेज देने में सक्षम होगा।
ट्रांसमिशन के लिए इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है।
फीचर्स
इन फीचर्स से लैस होगी नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट
नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट के केबिन में एक सेंटर फ्लोटिंग टचस्क्रीन यूनिट, 3-स्पोक फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील और एक नया HVAC मॉड्यूल के साथ सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ADAS तकनीक की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों के मनोरंजन के लिए इसमें एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला इंफोटेनमेंट पैनल मिलेगा।
सेफ्टी के लिए इसमें ड्यूल सेंसर ब्रेक सपोर्ट II, एडेप्टिव हाई बीम सिस्टम और ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स जोड़े गए हैं।
जानकारी
क्या है नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट की कीमत?
मारुति सुजुकी स्विफ्ट की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये के आस-पास हो सकती है।
न्यूजबाइट्स प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
मारुति सुजुकी ने अपनी स्विफ्ट को पहली बार ऑटो एक्सपो 2004 में 'कॉन्सेप्ट S' के रूप में पेश किया था। भारतीय बाजार में इसे मई, 2005 में लॉन्च किया गया था और तब से यह कार निर्माता के लिए एक सफल मॉडल रहा है।
शुरुआती दौर में इसने B+ हैचबैक सेगमेंट में अपना आगाज किया था। अपने दमदार लुक, पिकअप, माइलेज और शानदार केबिन के कारण यह गाड़ी लोगों को खूब पसंद आई।