
फरवरी में किस कंपनी ने बेची कितनें कारें और किसकी बिक्री में आई गिरावट?
क्या है खबर?
देश में ऑटो सेक्टर में तेजी देखने को मिल रही है। ऑटोमोबाइल कंपनियां महीने दर महीने अपनी बिक्री में इजाफा कर रही हैं।
2021 का तीसरा महीना शुरू हो गया है और ज्यादातर ऑटो कंपनियों ने फरवरी की सेल्स रिपोर्ट्स जारी कर दी है।
इसके अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस साल कुछ कंपनियों में अपनी बिक्री में इजाफा दर्ज किया है।
वहीं, कुछ कंपनियों की बिक्री में गिरावट भी आई है।
आइये, सबकी सेल्स रिपोर्ट देखें।
निसान
निसान की बिक्री में हुई 313 प्रतिशत की बढ़ोतरी
निसान ने पिछले महीने बेहतरीन बिक्री की है। फरवरी, 2020 की तुलना में कंपनी ने फरवरी, 2021 में 313 प्रतिशत अधिक कारें बेची हैं।
वहीं, जनवरी, 2021 से तुलना करें तो फरवरी में निसान की 5.5 प्रतिशत अधिक कारें बिकी हैं।
इस साल फरवरी में कंपनी की कुल 4,244 कारें बिकी और फरवरी, 2020 में इसकी 1,028 कारें बिकी थी।
वहीं, जनवरी, 2021 में कंपनी ने कुल 4,021 कारों की बिक्री की थी।
जानकारी
MG की बिक्री में 215 प्रतिशत इजाफा
MG ने पिछले साल फरवरी की तुलना में इस फरवरी में 215 प्रतिशत अधिक 4,329 कारें बेची हैं। जनवरी, 2021 के मुकाबले भी इसकी बिक्री में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। कंपनी की यह अभी तक एक महीने में हुई सबसे अधिक बिक्री है।
हुंडई
हुंडई की बिक्री में हुआ 26.4 प्रतिशत का इजाफा
हुंडई मोटर इंडिया ने इस साल फरवरी में पिछले साल फरवरी के मुकाबले बिक्री में 26.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
पिछले महीने कंपनी ने 61,800 कारें बेची थीं। वहीं, फरवरी, 2020 में कंपनी की कुल 9,910 कारों की बिक्री हुई थी।
कंपनी ने पिछले महीने घरेलू बाजार में फरवरी, 2020 की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक 51,600 यूनिट्स की बिक्री की है।
फरवरी, 2021 में हुंडई ने पिछले साल फरवरी से अधिक 10,200 कारों का निर्यात भी किया है।
टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स की बिक्री में 54 प्रतिशत की उछाल
हुंडई के अलावा टाटा मोटर्स ने भी अपनी बिक्री में फरवरी में इजाफा दर्ज किया है। कंपनी ने घरेलू बाजार में कुल 58,473 कारों की बिक्री की है।
पिछले साल इसी महीने में कुल 38,002 कारें बिकी थी। इसका मतलब इस साल इसकी बिक्री में 54 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
जनवरी, 2021 की तुलना में भी कंपनी ने फरवरी में 1 प्रतिशत अधिक कारें बेची हैं। जनवरी में इसकी 57,742 कारें बिकी थी।
टोयोटा
टोयोटा ने बिक्री में किया 36 प्रतिशत का इजाफा
टोयोटा ने भी फरवरी में अच्छी बिक्री की है। जनवरी, 2021 की तुलना में कंपनी ने फरवरी में 27 प्रतिशत अधिक 14,075 यूनिट्स की बिक्री की है।
पिछले महीने के अलावा कंपनी ने पिछले साल फरवरी की अपेक्षा भी इस साल फरवरी में अधिक कारें बेची हैं।
बता दें कि फरवरी, 2020 में टोयोटा की कुल 10,352 कारों की ही बिक्री हुई थी। इस साल बिक्री में 36 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
मारुति सुजुकी
मारुति सुजुकी की बिक्री बढ़ी 11.8 प्रतिशत
मारुति सुजुकी ने घरेलू बाजार में फरवरी में बिक्री में 11.8 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया है।
वही, पिछले महीने में कंपनी के पैसेंजर वहानों की बिक्री में भी 8.3 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
कंपनी ने फरवरी, 2021 में घरेलू बाजार में कुल 1,52,983 कारें बेची, जो साल 2020 में इसी महीने में बिकी 1,36,849 कारों से अधिक है।
इसके अलावा जनवरी की अपेक्षा भी फरवरी में बिक्री में 3 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
महिंद्रा
महिंद्रा की बिक्री में आई गिरावट
जहां एक तरफ ऊपर बताई गई कंपनियों ने अपनी बिक्री में इजाफा किया है। वहीं, दूसरी तरफ महिंद्रा की बिक्री में गिरावट आई है।
इस साल फरवरी में कंपनी ने कुल 28,777 वाहनों की बिक्री है। वहीं, पिछले साल इसी महीने में कुल 32,476 वाहन बेचे थे। इस मतलब इस साल बिक्री में 11.38 प्रतिशत कमी है।
हालांकि, कंपनी ने पैसेंजर वाहनों की बिक्री में 41 प्रतिशत इजाफा किया है। फरवरी, 2021 में इसके 15,391 पैसेंजर वाहन बिके हैं।