Page Loader
नई जनरेशन की BMW S1000 RR बाइक हुई लॉन्च, जानिए क्या कुछ मिलेगा नया
BMW S1000 RR को सबसे पहले 2014 में लॉन्च ( तस्वीर: BMW)

नई जनरेशन की BMW S1000 RR बाइक हुई लॉन्च, जानिए क्या कुछ मिलेगा नया

लेखन अविनाश
Sep 30, 2022
02:05 pm

क्या है खबर?

दिग्गज बाइक निर्माता BMW मोटरराड ने अपनी नई जनरेशन की BMW S1000 RR स्पोर्ट्स बाइक लॉन्च कर दी है। बता दें कि भारत में इस स्पोर्ट्स बाइक को सबसे पहले 2014 में लॉन्च किया गया था। अब कंपनी इसमें कई अपडेट्स कर रही है। हालांकि, इसमें मौजूदा मॉडल में उपलब्ध 999cc वाले चार-सिलेंडर इंजन का ही प्रयोग किया गया है। नए फीचर्स के तौर पर इसमें ब्लूटूथ को सपोर्ट करने वाला 6.5 इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है।

डिजाइन

स्विंगआर्म फ्रेम पर बनी है BMW S1000 RR

नई BMW S1000 RR के बाहरी लुक में कई महत्वपूर्ण अपडेट किए गए हैं। बाइक में नया LED हेडलाइट सेटअप दिया है, जो पुराने मॉडल पर पाए जाने वाले सिग्नेचर एसिमेट्रिक हेडलाइट्स से काफी अलग है। इसके अलावा बाइक में रीमास्टर्ड रेडिएटर, बड़ा फ्यूल टैंक, ड्यूल एग्जॉस्ट सिस्टम और बेली पैन जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। इसे स्विंगआर्म फ्रेम पर बनाया गया है और इसमें 21-इंच के अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं।

इंजन

पावरफुल 999cc इंजन के साथ आती है यह बाइक

इस बाइक में BS6 मानकों को पूरा करने वाला 999cc का इंजन दिया गया है, जो 11,000rpm पर 165bhp की अधिकतम पावर और 9,250rpm पर 114Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ ही यह इनलाइन-चार सिलेंडर और लिक्विड-कूल्ड फीचर से भी लैस है। यह वैकल्पिक शिफ्ट असिस्टेंट प्रो बिडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर के अलावा छह-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है, जो 16.12 किमी प्रति लीटर का माइलेज देता है।

फीचर्स

बाइक में दिए गए हैं ये फीचर्स

BMW S1000 RR को ब्लूटूथ-इनेबल्ड 6.5 इंच TFT स्क्रीन के साथ अपडेट किया गया है। इससे पहले बाइक में सेमी-डिजिटल यूनिट्स का उपयोग किया जाता था। इसके इलेक्ट्रॉनिक्स किट में तीन राइडिंग मोड्स (रेन, रोड और डायनेमिक), ABS प्रो, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम और हिल स्टार्ट कंट्रोल जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड के तौर पर शामिल हैं। इसके अलावा इसमें राइडिंग मोड्स प्रो, इंजन ब्रेक कंट्रोल, पावर व्हीली कंट्रोल और डायनेमिक ब्रेक कंट्रोल (DBC) जैसे कुछ अन्य वैकल्पिक फीचर्स भी हैं।

जानकारी

क्या है इस बाइक की कीमत?

कंपनी ने अपनी 2023 S1000 RR बाइक को 14.61 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। वहीं, इसके टॉप-स्पेक 'M' वेरिएंट की कीमत 20.16 लाख रुपये (सभी कीमतें एक्स-शोरूम) है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

भारतीय बाजार में लग्जरी गाड़ियों की मांग बढ़ रही है और इस वजह से जर्मनी की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी BMW इस साल भारतीय बाजार में 24 नए वाहन उतारने वाली है। इनमें 19 गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी अपनी मोटरराड यूनिट के जरिए कुल पांच नई मोटरसाइकिलें उतारने की तैयारी में है। इनमें से कई वाहनों को कंपनी लॉन्च कर चुकी है। वहीं, कुछ अभी भी पाइपलाइन में हैं।