Page Loader
BMW की ऑफ रोड ड्यून टैक्सी का वीडियो आया सामने, दिखी इलेक्ट्रिक पावर
BMW की इलेक्ट्रिक ड्यून टैक्सी (तस्वीरः BMW)

BMW की ऑफ रोड ड्यून टैक्सी का वीडियो आया सामने, दिखी इलेक्ट्रिक पावर

Sep 16, 2022
06:39 pm

क्या है खबर?

जर्मनी की ऑटो निर्माता कंपनी BMW के मध्य पूर्व डिवीजन ने पूरे ऑटोमोबाइल जगत को एक वीडियो के साथ चौंका दिया, जिसमें कंपनी ने अपनी ऑल-इलेक्ट्रिक ड्यून टैक्सी को प्रदर्शित किया है। BMW की इस वीडियो क्लिप में अभिनेत्री मैडलिन क्लाइन और रैली ड्राइवर अब्दो फेगली को भी लिया गया है। इसमें कंपनी की नई ऑफ-रोड प्रोटोटाइप कार को टीलों और उबड़-खाबड़ की सड़कों पर रफ्तार के साथ दौड़ते हुए दिखाया गया है।

पेशकश

अब तक की सबसे दमदार इलेक्ट्रिक कार?

BMW ने 4:41 मिनट के इस सरप्राइज वीडियो के साथ ऑटोमोबाइल जगत को अपनी अपकमिंग पेशकश की सूचना दी है, जिसमें इस ड्यून टैक्सी की क्षमताओं को अन्य कारों की तुलना में दर्शाया गया है। असल में यह कोई टैक्सी नहीं है जिसे आप किराए पर ले सकें। वास्तव में शायद कोई भी नहीं जानता कि जर्मन ऑटोमेकर के मन में क्या है। जो भी हो, यह इलेक्ट्रिक रेसिंग कारों में अब तक की सबसे दमदार साबित हो सकती है।

एक्सटीरियर

इस ऑफ-रोडर में हैं उपर की ओर खुलने वाले दरवाजे

BMW ड्यून टैक्सी को बनाने में NFRP (नैचुरल फाइबर रिइंफोर्सड पॉलीमर) का प्रयोग किया गया है। इसे एक ढलान वाली छत, एक तराशा हुआ हुड, एक बड़ी ग्रिल और स्लिम LED हेडलाइट्स दी गई हैं। कार की साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें उपर की ओर खुलने वाले गलविंग दरवाजे, छत पर एक एयर स्कूप और पहियों पर चौकोर डिजाइन है, जिन्हें ऑफ-रोड क्षमताओं के कारण बड़ा बनाया गया है। इसमें पतले टेललैंप्स और पीछे की तरफ स्पॉइलर हैं।

क्षमता

दो इलेक्ट्रिक मोटर देती हैं इस कार को पावर

BMW ड्यून टैक्सी को पावर देने के लिए इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर का प्रयोग किया गया है। कंपनी के अनुसार, ये दोनों मोटर मिलकर 536hp की पावर और 1,000Nm का पीक टॉर्क जनरेट कर सकती हैं। अभी इसकी सिंगल चार्ज रेंज के बारे में जानकारी नहीं है। इस ऑफ-रोड कार में 400mm का व्हील ट्रेवल है। इसका इंटीरियर एक पूर्ण रोल केज फ्रेम पर बनाया गया है, जो खराब से खराब दुर्घटना में भी ड्राइवर की सुरक्षा करता है।

संभावना

क्या कंपनी डकार रैली की कर रही तैयारी?

ड्यून टैक्सी के संबंध में BMW ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में अबू धाबी में फिल्माए गए इस वीडियो पर ऑटो प्रशंसक सवाल कर रहे हैं कि क्या BMW प्रसिद्ध डकार रैली में भाग लेने की तैयारी कर रही है। हालांकि, अगर कंपनी ऐसा करती है तो दुनिया की यह सबसे कठिन ऑफ-रोड रेस कंपनी के लिए अपनी ऑल इलेक्ट्रिक ऑफ रोडर की क्षमता प्रदर्शन के लिये सबसे बेहतर तरकीब साबित हो सकती है।