सऊदी अरब के 2 हवाई अड्डों पर हूतियों का ड्रोन और मिसाइल हमला, 3 की मौत
क्या है खबर?
सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष बढ़ता जा रहा है। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हूतियों ने 2 हवाई अड्डों पर हमला किया है, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई है। राज्य के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने कहा कि हमला अभा और किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए थे। अभा हवाई अड्डे पर मिस्र और अल्जीरियाई नागरिक की मौत हो गई, जबकि रियाद हवाई अड्डे पर एक सूडानी नागरिक की मौत हुई है।
हमला
हमले में 36 लोग घायल
ईरान समर्थित हूतियों ने सिलसिलेवार हमलों की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि उन्होंने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी है।
हमले में हवाई अड्डों पर मौजूद 36 लोग घायल हुए हैं। हमलों की वजह से हवाई अड्डों पर कई सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
हूतियों का कहना है कि उन्होंने यमन सरकार की अंतरिम राजधानी अदन में भी हवाई अड्डे के पास एक सैन्य आपूर्ति काफिले को निशाना बनाया है।
जवाब
हूतियों को जवाब दे रहा सैन्य गठबंधन
सऊदी के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन का कहना है कि उसने रियाद पर हमले में इस्तेमाल किए गए बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण मंच को नष्ट कर दिया है।
उसने सीधे तौर पर हूति बलों को दोषी ठहराया और जवाबी कार्रवाई की बात कही।
बयान में कहा, "आतंकवादी हूतियों ने राज्य में नागरिकों पर क्रूर हमले किए हैं, वे बिना दंड के नहीं रहेंगे।"
यमन में सऊदी 2015 से हूतियों के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है।