श्रीलंका में यहूदियों से जुड़े चाबाद हाउस के खिलाफ क्यों प्रदर्शन कर रहे बौद्ध भिक्षु?
क्या है खबर?
श्रीलंका के दक्षिण इलाके के हिरिकेतिया में स्थित चाबाद हाउस को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। 14 अगस्त को यहां बौद्ध भिक्षुओं के नेतृत्व में परिसर के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे पहले भी परिसर को कई धमकियां मिलीं और कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी भी की। चाबाद हाउस इजरायली और यहूदी पर्यटकों के लिए प्रमुख केंद्र है, जहां पारंपरिक भोजन से लेकर यहूदी धार्मिक आयोजन भी होते हैं।
परमिट
स्थानीय लोगों का आरोप- बिना परमिट चल रहा चाबाद हाउस
स्थानीय लोगों का कहना है कि चाबाद हाउस बिना परमिट के चल रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से चाबाद हाउस की गतिविधियों की जांच करने और परमिट के बिना संचालन पाए जाने पर परिसर को बंद करने की मांग की है।
सबसे ज्यादा विवाद इस जगह पर हो रही धार्मिक गतिविधियों को लेकर है। यहां कोषेर रेस्तरां हैं, जहां हर सप्ताहांत धार्मिक शबात भोजन और दूसरी ऐसी ही गतिविधियों का आयोजन होता है।
हिंसा
लोगों ने इजरायलियों को धमकाया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सप्ताहांत शबात भोजन के दौरान प्रदर्शनकारी चाबाद हाउस के पास जमा हो गए और कथित तौर पर तेज संगीत बजाया और परिसर में पटाखे और पत्थर फेंके।
शबात भोजन में शामिल होने जा रहे कुछ इजरायली लोगों को भी प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया और उन्हें डराने के लिए पटाखे फोड़े गए।
शबात भोजन खत्म होने के बाद परिसर से निकल रहे कई इजरायली लोगों को स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडों से भी धमकाया।