Loading...
रूस ने साइबेरिया में प्लेग से किया इनकार, WHO ने अज्ञात निमोनिया की जानकारी मांगी
WHO के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने रूस से अज्ञात निमोनिया की जानकारी मांगी

रूस ने साइबेरिया में प्लेग से किया इनकार, WHO ने अज्ञात निमोनिया की जानकारी मांगी

लेखन गजेंद्र
Oct 07, 2026
10:35 am

क्या है खबर?

रूस में साइबेरिया के इर्कुत्स्क ओब्लास्ट में एक प्रयोगशाला कर्मी की अज्ञात निमोनिया से हुई मौत के मामले में रूस ने प्लेग फैलने से इनकार कर दिया है। यह जानकारी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दी। WHO के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बुधवार को बताया कि पहले कर्मी की मौत न्यूमोनिक प्लेग से बताई जा रही थी, जबकि रूस ने प्लेग फैलने से इनकार किया है। घेब्रेयेसस ने कहा कि संगठन मामले पर नजर बनाए हुए है।

बयान

रूस ने कहा- प्लेग का कोई मामला दर्ज नहीं

घेब्रेयेसस ने एक्स पर अपने बयान में लिखा, "WHO रूस में इर्कुत्स्क एंटीप्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक प्रयोगशाला कर्मी की मौत पर नजर रखे है। गंभीर निमोनिया के कारण 2 अक्टूबर को व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई थी। पहले लैब में गलती से संपर्क के बाद उसे न्यूमोनिक प्लेग बताया जा रहा था।"

उन्होंने बताया कि जब WHO ने अपील की तो रूसी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इर्कुत्स्क में प्लेग का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

बयान

संदिग्ध सभी लोगों में नहीं पाया गया कोई वायरस- रूस

घेब्रेयेसस ने बताया कि रूसी अधिकारियों ने WHO को बताया कि घटना के बाद महामारी विज्ञान संबंधी जांच और रोकथाम नियंत्रण के उपाय लागू किए गए थे और जिन लोगों के संपर्क में वह व्यक्ति आया था, उनकी पहचान करके उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया और उनकी जांच की गई।

उन्होंने बताया कि संपर्क में आए लोगों में कोई खतरनाक पैथोजन नहीं मिला और पहचान किए गए सभी लोगों की मेडिकल निगरानी पूरी हो चुकी है।

ADVERTISEMENT

रिपोर्ट

WHO ने मांगी रिपोर्ट

WHO के महानिदेशक ने बताया कि वह रूसी स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क में हैं और तकनीकी सहायता की पेशकश की है।

WHO ने गंभीर निमोनिया का कारण, उस पैथोजन (जिसकी वजह से सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय किए गए) और अज्ञात निमोनिया से पीड़ित दूसरे कर्मचारी के बारे में जानकारी मांगी है।

उन्होंने कहा कि विरोधाभासी रिपोर्टों को स्पष्ट करने और संभावित जोखिमों का सही आकलन करने के लिए समय पर, पूरी और पारदर्शी जानकारी जरूरी है।

ADVERTISEMENT

घटना

क्या है पूरा मामला?

इरकुत्स्क में स्थित प्रयोगशाला में कर्मचारी दारिया शिपिलोवा (28) की मौत होने के बाद अलर्ट घोषित किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने अस्पताल स्टाफ को बताया था कि काम के दौरान उससे गलती से एक टेस्ट ट्यूब टूट गई थी, जिसमें न्यूमोनिक प्लेग का रोगजनक जीवाणु 'येर्सिनिया पेस्टिस' मौजूद था।

उन्हें गंभीर निमोनिया के साथ वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन जान नहीं बची। कर्मचारी की मौत के बाद साइबेरिया में सैकड़ों लोगों को एकांतवास में रखा गया।

ADVERTISEMENT