Page Loader
व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से पहले दी बधाई
व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को दी बधाई

व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से पहले दी बधाई

Jan 20, 2025
09:41 pm

क्या है खबर?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से ठीक पहले बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने ट्रंप प्रशासन के तहत अमेरिका के साथ बेहतर संबंधों की संभावना के बारे में आशा व्यक्त की है। इसी तरह उन्होंने यूक्रेन पर नए अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत में शामिल होने की भी इच्छा व्यक्त की है। आइए जानते हैं पुतिन ने बधाई संदेश में क्या-क्या कहा है।

बयान

पुतिन ने बधाई संदेश में क्या कहा?

राष्ट्रपति पुतिन ने रूस की सुरक्षा परिषद के सदस्यों के साथ एक वीडियो कॉल के दौरान कहा, "हमने ट्रंप और उनकी टीम के सदस्यों से रूस के साथ सीधे संपर्क बहाल करने और तीसरा विश्व युद्ध रोकने की ट्रंप की इच्छा के बारे में बयान सुने हैं, जिसे निवर्तमान प्रशासन ने रोक दिया था।" उन्होंने आगे कहा, "हम निश्चित रूप से इस दृष्टिकोण का स्वागत करते हैं और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हैं।"

यूक्रेन

यूक्रेन पर क्या बोले पुतिन?

पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन में संभावित शांति समझौते पर चर्चा के लिए तैयार है। इससे अल्पकालिक युद्धविराम नहीं बल्कि स्थायी शांति आएगी और इसमें रूस के हितों को भी ध्यान में रखा जाएगा। बता दें कि ट्रंप स्थानीय समायानुसार दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार रात साढ़े 10 बजे) अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल हिल के रोटुंडा हॉल में आयोजित किया जा रहा है।