Loading...
फ्रांस में हिंसक प्रदर्शन: 8 लाख लोग सड़कों पर, ऐतिहासिक इमारतों में आगजनी; दुकानें लूटीं
फ्रांस में प्रदर्शनकारियों ने कई जगह पर आगजनी की

फ्रांस में हिंसक प्रदर्शन: 8 लाख लोग सड़कों पर, ऐतिहासिक इमारतों में आगजनी; दुकानें लूटीं

लेखन आबिद खान
Oct 18, 2026
10:19 am

क्या है खबर?

फ्रांस में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं। शनिवार को 8 लाख लोग सड़कों पर उतरे और जमकर उत्पात मचाया। राजधानी पेरिस में राष्ट्रपति भवन से केवल 400 मीटर दूर प्रदर्शनकारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया और गाड़ियों में आग लगा दी। वहीं, लिमोज शहर में भीड़ ने 153 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल को आग लगा दी, जिसके बाद यह ढह गया। अब तक 1,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने स्टोर लूटे, आगजनी की

पेरिस में शाम होते-होते प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए। उन्होंने सड़क पर खड़े वाहनों को आग लगा दी और पुलिस के साथ झड़प की।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में भी तोड़फोड़ और लूटपाट की। बोर्डो में प्रदर्शनकारियों ने लुई विटां के एक स्टोर को लूट लिया, जबकि लिले में एक एप्पल स्टोर में तोड़फोड़ की गई।

वहीं, कम से कम एक रेस्तरां को भी आग के हवाले कर दिया गया।

इमारतें

कई शहरों में ऐतिहासिक इमारतों को नुकसान

प्रदर्शनकारियों ने ल्योन शहर में पर्यटन कार्यालय में आग लगा दी। मेयर ग्रेगरी डौसेट ने इस घटना को एक त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि ये इमारत बहुत ही प्रतिष्ठित, प्रसिद्ध और ऐतिहासिक है।

लिमोज में नगर पालिका भवन में लगी भीषण आग के कारण इमारत की छत का एक हिस्सा गिर गया।

इसके अलावा ग्रेनोबल, एविग्नन, पाउ, मोंटपेलियर और वैलेंस में भी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

ADVERTISEMENT

राष्ट्रपति

राष्ट्रपति बोले- दोषियों को सजा देंगे

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आगजनी, लूटपाट और हिंसा में शामिल लोगों की निंदा की और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का वादा किया।

उन्होंने कहा, "जिन्होंने प्रांतों और व्यवसायों पर हमले किए, तोड़फोड़ की, नगर निगमों को लूटा, उन पर मुकदमा चलाया जाएगा और उन्हें दंडित किया जाएगा।"

वहीं, प्रधानमंत्री लेकोर्नू ने कहा कि पुलिस को अत्यधिक हिंसा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कुछ समूहों पर राष्ट्रपति चुनावों के लिए प्रदर्शन करने का आरोप लगाया।

ADVERTISEMENT

टाउन हॉल

लिमोज में ऐतिहासिक टाउन हॉल आगजनी के बाद ढहा

प्रदर्शनकारियों ने लिमोज शहर में ऐतिहासिक टाउन हॉल में भी आग लगा दी।

टाउन हॉल का निर्माण 1873 में हुआ था और इसका उद्घाटन 1883 में किया गया।

एक शीर्ष अधिकारी ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि टाउन हॉल आग में लगभग पूरी तरह से नष्ट हो गया है। उन्होंने क्षति को 'विरासत के लिए एक आपदा' बताया और इसे 'गुंडों द्वारा जानबूझकर किया गया कृत्य' बताते हुए इसकी निंदा की।

वजह

फ्रांस में क्यों हो रहे हैं प्रदर्शन?

फ्रांस में करीब एक महीने से प्रदर्शन हो रहे हैं। इनकी शुरुआत स्कूली छात्रों के विरोध से हुई थी। छात्र मांग कर रहे थे कि स्कूल में शिक्षकों की संख्या बढ़ाई जाए और संसाधनों की कमी दूर की जाए।

इसके बाद ये आंदोलन अन्य स्कूलों में फैला और धीरे-धीरे सामाजिक आंदोलन में बदल गया।

प्रदर्शनकारियों की मांगें हैं कि वेतन और पेंशन बढ़ाई जाए, महंगाई कम की जाए और सरकारी सेवाओं और स्कूलों को बेहतर बनाया जाए।

ADVERTISEMENT