डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की को कहा था 'तानाशाह', पुतिन को कहने से परहेज किया
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नजर में भले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की तानाशाह हों, लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए उन्होंने यह शब्द इस्तेमाल करने से परहेज किया है।
ओवल ऑफिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे पूछा गया कि क्या वह पुतिन को तानाशाह मानते हैं?
ट्रंप ने जवाब दिया, "मैं इन शब्दों का प्रयोग हल्के में नहीं करता, हम देखेंगे कि यह कैसे काम करता है।"
बयान
जेलेंस्की के बारे में क्या बोले थे ट्रंप?
कुछ दिन पहले ट्रंप ने जेलेंस्की के खिलाफ सोशल मीडिया ट्रुथ पर लंबा पोस्ट लिखा था और उनको तानाशाह कहते हुआ आलोचना की थी।
ट्रंप ने जेलेंस्की को बिना चुनाव वाला तानाशाह बताते हुए कहा था कि अगर वो जल्द कदम नहीं उठाएंगे तो अपना देश खो देंगे। उन्होंने जेलेंस्की पर अमेरिका को उकसाने का भी आरोप लगाया था।
इसके बाद जेलेंस्की ने ट्रंप को जवाब देते हुए कहा था कि वे गलत सूचनाओं का समर्थन कर रहे हैं।
मुलाकात
ट्रंप और मैक्रों की मुलाकात में अलग-अलग सुर
ट्रंप-मैक्रों की मुलाकात के दौरान यूक्रेन युद्ध पर दोनों नेताओं के सुर अलग-अलग नजर आए।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि यूक्रेन युद्ध जल्द ही कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है, अगर होशियार नहीं रहे तो यह चलता रहेगा, यह तीसरे विश्व युद्ध में भी बदल सकता है, लेकिन ऐसा नहीं चाहते।
मैक्रों ने कहा कि कोई भी शांति समझौता यूक्रेन की संप्रभुता की कीमत पर नहीं होना चाहिए। समझौते का मतलब यूक्रेन का आत्मसमर्पण न हो।
दौरा
ट्रंप करेंगे रूस का दौरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने रूस का दौरा करने को लेकर भी अपनी बात रखी है।
उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता होता है तो वह उसके बाद पुतिन से मिलने के लिए मॉस्को जा सकते हैं।
उन्होंने दावा किया, "हां, वह इसे स्वीकार करेंगे। मैंने उनसे यह सवाल पूछा है। देखिए, अगर हम यह सौदा करते हैं, तो वह और युद्ध की उम्मीद नहीं कर रहे हैं।"