Page Loader
डोनाल्ड ट्रंप का दावा- व्यापार का वादा करने के बाद शांत हुए भारत और पाकिस्तान
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा किया

डोनाल्ड ट्रंप का दावा- व्यापार का वादा करने के बाद शांत हुए भारत और पाकिस्तान

लेखन गजेंद्र
May 12, 2025
09:08 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान का युद्ध रुकवाने का दावा किया है। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान से व्यापार करने का वादा किया है, जिसके बाद यह युद्ध समाप्त हुआ। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका ने परमाणु संघर्ष को रोक दिया है। इसके लिए उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो को धन्यवाद दिया।

बयान

दोनों देशों के पास परमाणु हथियार- ट्रंप

ट्रंप ने कहा, "शनिवार को मेरे प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच तत्काल युद्धविराम कराने में मदद की। मुझे लगता है कि यह स्थायी युद्धविराम था। दोनों देशों के पास बहुत परमाणु हथियार हैं। इससे दो ऐसे देशों के बीच खतरनाक संघर्ष समाप्त हुआ, जिनके पास बहुत परमाणु हथियार हैं। वे इस पर बहुत जोरदार तरीके से हमला कर रहे थे और ऐसा लग रहा था कि यह रुकने वाला नहीं है, लेकिन अमेरिका ने परमाणु संघर्ष रोक दिया।"

बयान

हमने कहा कि आपके साथ बहुत सारा व्यापार करेंगे- ट्रंप

ट्रंप ने आगे कहा, "हमने बहुत मदद की और व्यापार में भी मदद की। मैंने कहा- चलो, हम आप लोगों के साथ बहुत सारा व्यापार करने जा रहे हैं। चलो इसे रोकते हैं। अगर आप इसे रोकते हैं, तो हम व्यापार कर रहे हैं। अगर आप इसे नहीं रोकते हैं, तो हम कोई व्यापार नहीं करने जा रहे हैं। लोगों ने वास्तव में कभी भी व्यापार का उस तरह से उपयोग नहीं किया है जिस तरह से मैंने किया।"

ट्विटर पोस्ट

डोनाल्ड ट्रंप का दावा

युद्ध

कैसे थमा भारत और पाकिस्तान का युद्ध?

22 अप्रैल को पहलगाम में हमले के बाद भारत ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। इसके बाद दोनों देशों के बीच मिसाइल-ड्रोन हमले होते रहे। 10 मई को भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा सबसे पहले ट्रंप ने की थी। उसके बाद भारत-पाकिस्तान ने पुष्टि की। हालांकि, भारत ने कहा था कि पाकिस्तान के सैन्य ऑपरेशन महानिदेशकों (DGMO) ने भारत को फोन किया था, जिसके बाद संघर्ष विराम पर बात बनी।

बयान

भारत-पाकिस्तान युद्ध पर पहले 4 बार बयान दे चुके हैं ट्रंप

भारत-पाकिस्तान युद्ध शुरू होने के बाद ट्रंप 4 बार बयान दे चुके हैं। उन्होंने अपने पहले बयान में इस युद्ध पर किसी बातचीत से पल्ला झाड़ा था और पुराना झगड़ा बताया था। इसके बाद उन्होंने 10 मई को संघर्ष विराम से ठीक पहले श्रेय लेकर सबको चौंका दिया। इसके बाद उन्होंने कश्मीर पर मध्यस्थता को लेकर बयान दिया। हालांकि, वेंस और रिबियो के बयान हमेशा ट्रंप से अलग रहे और उन्होंने भारत-पाकिस्तान युद्ध में अमेरिका के हस्तक्षेप से इंकार किया।