ट्रंप ने फ्रांस हिंसा पर मैक्रों की आलोचना की, कहा- पेरिस मुस्लिम शहर बनने जा रहा
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में जगह-जगह हो रहे हिंसक विरोध-प्रदर्शन के लिए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को निशाने पर लिया है। उन्होंने मैक्रों की आव्रजन नीतियों को दोषी ठहराया और दावा किया कि अगर आव्रजन पर उनकी सलाह मानी गई होती तो इस अशांति से बचा जा सकता था। ट्रंप ने यहां तक कहा कि प्रवासियों ने फ्रांसीसी राजधानी की जनसांख्यिकी को काफी हद तक बदला है और पेरिस बहुत जल्द मुस्लिम शहर बनने जा रहा है।
आलोचना
क्या बोले ट्रंप?
व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "वह (मैक्रों) मेरा दोस्त है। मैंने उसे बहुत पहले ही कहा था कि तुम फ्रांस में बहुत बड़ी गलती कर रहे हो। तुम पूरी दुनिया से लोगों को आने दे रहे हो। पूरी दुनिया आ रही थी। और जैसा कि तुम जानते हो, पेरिस बहुत जल्द एक मुस्लिम शहर बनने जा रहा है, और यह समझौता नहीं था। यह समझौता नहीं था।"
हिंसा
फ्रांस के कई शहरों में आंशिक कर्फ्यू
फ्रांस में बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था और महंगाई के खिलाफ शुरू हुआ विरोध अब हिंसक प्रदर्शन में बदल गया है। पेरिस समेत कई शहरों से दंगे और लूटपाट की खबरें आ रही हैं।
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने सोमवार को कुछ शहरों में आंशिक कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए हैं।
फ्रांस में अशांति के बीच 2,400 लोग गिरफ्तार हुए हैं और 2,000 अधिकारी घायल हैं। फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड रिटेल ने बताया कि हिंसा से 2,000 दुकानें प्रभावित हुई हैं।
संदेश
मैक्रों की कड़ी चेतावनी के बाद नहीं थम रही हिंसा
राष्ट्रपति मैक्रों भी राष्ट्र को संबोधित कर हिंसा की निंदा कर चुके हैं और हिंसक प्रदर्शनकारियों को कड़ी चेतावनी दी है, लेकिन फिर भी हिंसा नहीं रुक रही।
उन्होंने हिंसा को क्रोध और शर्म का कारण बताते हुए कहा कि वैध प्रदर्शनकारियों और तोड़फोड़-लूटपाट करने वालों के बीच अंतर करना आवश्यक हो गया है।
मैक्रों ने आपातकाल की घोषणा से परहेज किया, लेकिन कहा कि, "जिन्होंने उपद्रव किया है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।"