Page Loader
लंदन: एक ही घर में 3 महिलाओं की हत्या, धनुष-बाण से लैस हत्यारे पर शक
लंदन में 3 महिलाओं की धनुष बाण से हत्या करने का मामला सामने आया है

लंदन: एक ही घर में 3 महिलाओं की हत्या, धनुष-बाण से लैस हत्यारे पर शक

लेखन आबिद खान
Jul 10, 2024
06:30 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड की राजधानी लंदन से एक चौंकाने वाला मामले सामने आया है। यहां के उत्तर-पश्चिम में बुशी में एक ही परिवार की 3 महिलाओं के शव बरामद हुए हैं। आशंका है कि धनुष-बाण से लैस हत्यारे ने तीनों महिलाओं की हत्या कर दी है। पुलिस अब हत्यारे की तलाश में जुटी है, जिसका नाम काइल क्लिफोर्ड बताया जा रहा है। यह तिहरा हत्याकांड स्थानीय समयानुसार 9 जुलाई की शाम 7 बजे हुआ है।

मामला

क्या है मामला?

हर्टफोर्डशायर पुलिस के मुताबिक, उन्हें 9 जुलाई की शाम 7 बजे बुशी में एक घर पर जाने का निर्देश मिला। जब अधिकारी यहां पहुंचे तो 3 महिलाएं गंभीर घायल अवस्था में दिखीं। पुलिस इन्हें अस्पताल ले जा पाती उससे पहले ही तीनों की मौत हो गई। हर्टफोर्डशायर पुलिस के मुख्य अधीक्षक जॉन सिंपसन ने बताया कि यह हमला धनुष बाण से किया गया था। हालांकि, उन्होंने दूसरे हथियारों के इस्तेमाल की संभावना को भी खारिज नहीं किया।

घटना

घटना के बारे में अभी तक क्या-क्या पता है?

BBC के मुताबिक, महिलाओं की उम्र 25, 28 और 61 साल है। पुलिस अधिकारी सिंपसन ने कहा कि संदिग्ध क्लिफोर्ड का पता लगाने के लिए उत्तरी लंदन और बुशी में व्यापक पुलिस संसाधन तैनात किए गए हैं। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि वे संदिग्ध के पास न जाएं, क्योंकि उके पास अभी भी धनुष बाण हो सकता है। उन्होंने संदिग्ध से पुलिस से संपर्क करने की भी अपील की है।