Page Loader
पाकिस्तान में सैन्य काफिले पर आत्मघाती हमला; 13 सैनिकों की मौत, 10 अन्य घायल
पाकिस्तान में सैन्य काफिले पर आत्मघाती हमले में 13 सैनिकों की मौत (तस्वीर: प्रतीकात्मक)

पाकिस्तान में सैन्य काफिले पर आत्मघाती हमला; 13 सैनिकों की मौत, 10 अन्य घायल

Jun 28, 2025
03:15 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में शनिवार को पाकिस्तानी सेना के काफिले को एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन से टक्कर मार दी। इसमें 13 सैनिकों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। इस हमले में 19 नागरिक भी घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची सेना की अन्य टुकड़ी ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया, जहां कुछ की हालत गंभीर है। हाफिज गुल बहादुर समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

हमला

कैसे हुआ यह आत्मघाती हमला?

उत्तरी वजीरिस्तान के एक सरकारी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को सैन्य काफिले में घुसा दिया। इसके बाद हुए धमाके में 13 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 10 सैन्यकर्मी और 19 आम नागरिक घायल हो गए।" अधिकारी ने बताया कि धमाके में दो घरों की छतें भी गिर गईं, जिससे 6 बच्चे घायल हो गए। सेना और पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है।"

जिम्मेदारी

क्या है हाफिज गुल बहादुर समूह?

हमले की जिम्मेदारी हाफिज गुल बहादुर समूह की आत्मघाती इकाई ने ली है, जो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से संबद्ध एक गुट है। 2021 में अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंसा बढ़ गई है। पाकिस्तान ने तालिबान पर सीमा पार हमले करने वाले आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप लगाया है। बता दें कि इस साल खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में सरकार विरोधी सशस्त्र समूहों के हमलों में 290 लोग मारे गए हैं।