अमेरिका-ईरान बीच मध्यस्थता के प्रयासों के बीच तेहरान का दौरा करेंगे पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने और मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर सोमवार (24 अगस्त) को ईरान की राजधानी तेहरान का दौरा करेंगे। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने रविवार को इस उच्च स्तरीय दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह यात्रा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को मजबूत करने के पाकिस्तान के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।
चेतावनी
ईरान ने देशों को दी खुली चेतावनी
मुनीर का दौरा बेहद संवेदनशील समय पर है, जब ईरान ने दुनिया भर के देशों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रजई ने कहा कि अमेरिका की मुहिम में जो भी देश शामिल होगा, उसे ईरान का दुश्मन माना जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान पहले संबंधित देशों से बातचीत कर उन्हें अमेरिका से दूरी बनाने को कहेगा, लेकिन न मानने पर उनके वैश्विक हितों को निशाना बनाया जाएगा।
धमकी
ट्रंप ने भी दी है चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अब तक के सबसे विनाशकारी आर्थिक अभियान को शुरू करने का ऐलान किया है।
ट्रंप ने साफ कहा है कि ईरान को किसी भी प्रकार की मदद देने वाले देशों को आर्थिक परिणाम भुगतने होंगे।
अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने दुनिया के सामने 'आर-पार' की स्थिति रख दी।
उन्होंने विशेष रूप से चीन से सहयोग मांगा है, क्योंकि वह ईरान के कुल निर्यात का 80 प्रतिशत से अधिक तेल खरीदता है।