न्यूजीलैंड में 16 साल से कम उम्र के बच्चे नहीं कर पाएंगे सोशल मीडिया का इस्तेमाल
क्या है खबर?
बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर चर्चाओं और बहस के बीच न्यूजीलैंड की सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। न्यूजीलैंड 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने जा रहा है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि इस संबंध में उनकी पार्टी जल्द ही संसद में एक विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है।
विधेयक
विधेयक में क्या-क्या प्रावधान?
प्रस्तावित विधेयक के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यूजर्स की उम्र सत्यापित करने के लिए कदम उठाने होंगे। इसके लिए अकाउंट संबंधी जानकारी, फेशियल रिकग्निशन तकनीक और डिजिटल पहचान दस्तावेजों जैसे तरीकों का इस्तेमाल करना होगा।
नियमों का पालन नहीं करने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके वैश्विक राजस्व के 10 प्रतिशत तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि विधेयक को संसद में पारित होने के लिए पर्याप्त समर्थन मिल पाएगा या नहीं।
बयान
प्रधानमंत्री बोले- बच्चों को नुकसान होते नहीं देख सकते
प्रधानमंत्री लक्सन ने कहा, "हम न्यूजीलैंड के बच्चों की एक पूरी पीढ़ी को हो रहे नुकसान को स्वीकार नहीं कर सकते। 13 से 17 साल की उम्र का हर 3 में से एक बच्चा रोजाना कम से कम 5 घंटे सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा है। इससे उनका पारिवारिक जीवन, पढ़ाई और नींद प्रभावित हो रही है।"
वहीं, शिक्षा मंत्री ने कहा कि कानून बनने के बाद बच्चों या माता-पिता पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा।