Loading...
म्यांमार में बौद्ध मठ पर सेना का हवाई हमला, 14 लोगों के मारे जाने की खबर
म्यांमार की सेना ने बौद्ध मठ पर हवाई हमला किया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

म्यांमार में बौद्ध मठ पर सेना का हवाई हमला, 14 लोगों के मारे जाने की खबर

लेखन आबिद खान
Aug 21, 2026
07:47 pm

क्या है खबर?

म्यांमार की सेना ने देश के मध्य सागाइंग क्षेत्र में एक बौद्ध मठ पर हवाई हमला किया है। इसमें 14 लोग मारे गए हैं। समाचार एजेंसी AP ने एक स्थानीय निवासी के हवाले से ये जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि मारे गए लोग एक सप्ताह तक चलने वाले ध्यान सत्र में भाग लेने के लिए इकट्ठा हुए थे। मरने वालों में 3 महिलाएं हैं, जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं।

हमला

सेना ने लड़ाकू विमान से बरसाए बम

रिपोर्ट के मुताबिक, ये हमला स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 75 किलोमीटर पश्चिम में स्थित म्याउंग टाउनशिप के स्वेल ले ओह गांव में हुआ।

म्याउंग टाउनशिप के नागरिक रक्षा और सुरक्षा संगठन (CDSOM) के प्रवक्ता न्वे ऊ ने बताया कि गांव के मठ के परिसर में एक लड़ाकू विमान द्वारा बम गिराए जाने से 3 महिलाओं सहित 14 लोग मारे गए और 20 अन्य घायल हो गए।

बम

विमान ने 15 मिनट में गिराए 2 बम

AP की रिपोर्ट में एक ग्रामीण के हवाले से बताया गया है कि लड़ाकू विमान ने 15 मिनट के अंतराल पर 2 बम गिराए। एक बम मठ के पास स्थित एक घर पर गिरा, जहां बौद्ध उपवास के दौरान 100 से अधिक लोग साधना के लिए आए हुए थे।

यह हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब देश में लोकतंत्र समर्थक सशस्त्र बलों और जातीय सशस्त्र समूहों के बीच संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

ADVERTISEMENT