Loading...
जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 20 से ज्यादा लोग घायल
जापान में भूकंप से 23 घायल (फाइल तस्वीर)

जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 20 से ज्यादा लोग घायल

लेखन आबिद खान
Aug 23, 2026
08:51 am

क्या है खबर?

जापान में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.9 मापी गई। इसका असर पूर्वी जापान के कई इलाकों के साथ राजधानी टोक्यो में भी महसूस हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप में 23 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इनमें ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि सुनामी को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।

भूकंप

कहां था भूकंप का केंद्र

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप दक्षिणी इबाराकी प्रांत में 70 किलोमीटर की गहराई पर आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इसकी प्रारंभिक तीव्रता 5.8 थी।

अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र के 4 प्रांतों में भूकंप से 23 लोग घायल हुए हैं। सैतामा और कानागावा में 9-9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति को चोट आई है।

भूकंप के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे, जो घबराहट में गिरकर चोटिल हो गए।

नुकसान

टोक्यो के सैकड़ों घरों में बिजली गुल

भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता हवाई अड्डे की एक्सप्रेस ट्रेनें और पूर्वोत्तर क्षेत्रों की अन्य स्थानीय ट्रेनें प्रभावित हुईं।

टोक्यो के पूर्वी वार्ड कोटो में एक भूमिगत पानी की पाइपलाइन फट गई, जिससे सड़क पर पानी बह निकला।

भूकंप के कारण टोक्यो में लगभग 460 घरों में बिजली गुल हो गई थी, जिसे सुबह तक बहाल कर दिया गया।

प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने नुकसान का आकलन करने के लिए एक कार्य बल का गठन किया है।

ADVERTISEMENT