Page Loader
समुद्री रास्ते से दुबई भागने की फिराक में है श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे- रिपोर्ट
समुद्री रास्ते से दुबई भागने की फिराक में है श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे- रिपोर्ट

समुद्री रास्ते से दुबई भागने की फिराक में है श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे- रिपोर्ट

Jul 12, 2022
03:04 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने मंगलवार को देश से भागने के लिए समुद्री रास्ते के इस्तेमाल पर विचार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों का सहयोग न मिलने के बाद राजपक्षे नौसेना की पेट्रोलिंग नाव के जरिये देश से निकलने की योजना बना रहे हैं। बता दें कि आर्थिक संकट के कारण देश में हो रहे प्रदर्शनों के बीच राजपक्षे ने 13 जुलाई को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है।

जानकारी

गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई जाना चाहते हैं राजपक्षे

शनिवार को कोलंबो स्थित अपने आधिकारिक निवास पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा होने से पहले राजपक्षे को वहां से निकाल लिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि 73 वर्षीय राजपक्षे दुबई जाना चाहते हैं। अभी बतौर राष्ट्रपति राजपक्षे को गिरफ्तारी से राहत मिली हुई है। माना जा रहा है कि पद छोड़ने के बाद गिरफ्तारी की संभावना को देखते हुए राजपक्षे विदेश भागना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने पहले हवाई रास्ते को चुना, लेकिन जा नहीं पाए।

बयान

"भारत या मालदीव जाकर जा सकते हैं दुबई"

एक शीर्ष रक्षा सूत्र ने बताया कि राष्ट्रपति के करीबी सैन्य अधिकारी उन्हें नौसेना के जहाज पर विदेश ले जाने की सोच रहे हैं। शनिवार को भी उन्हें नौसेना के जहाज के जरिये ही कोलंबो से दूसरे शहर ले जाया गया था। सूत्र ने कहा, "अब समुद्र के रास्ते ही जाने का विकल्प सबसे ठीक है। वह मालदीव या भारत जाकर दुबई की उड़ान ले सकते हैं।" उनके पास देश छोड़ने का दूसरा तरीका चार्टर विमान भी है।

जानकारी

हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने नहीं किया सहयोग

जानकारी के अनुसार, हवाई रास्ते से दुबई जाने के लिए हवाई अड्डे पहुंचे राजपक्षे को अधिकारियों का सहयोग नहीं मिला। दरअसल, लोगों के गुस्से से बचने के लिए राजपक्षे VIP तरीके से यात्रा करने चाहते थे, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने VIP लाउंज में जाकर उनके पासपोर्ट पर स्टांप लगाने से इनकार कर दिया। इसके बाद राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को हवाई अड्डे के समीप एक सैन्य ठिकाने पर अपनी रात बितानी पड़ी।

जानकारी

राष्ट्रपति के भाई के साथ भी ऐसा सलूक

राष्ट्रपति के भाई और अप्रैल में वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले बासिल राजपक्षे के साथ भी हवाई अड्डे पर ऐसा ही बर्ताव किया गया। दुबई जाने के लिए हवाई अड्डे पहुंचे बासिल को अधिकारियों का सहयोग नहीं मिला और उनकी कई उड़ानें मिस हो गईं। एक अधिकारी ने बताया कि दुबई जाने वाले विमान के यात्रियों ने बासिल के उसमें सवार होने पर एतराज जताया था। इसके बाद उन्हें हड़बड़ी में हवाई अड्डे से जाना पड़ा।

जानकारी

राजपक्षे पर क्या आरोप है?

राजपक्षे पर अर्थव्यवस्था के खराब प्रबंधन का आरोप है। दरअसल, आर्थिक संकट से घिरे श्रीलंका के पास विदेशी मुद्रा का भंडार खत्म हो चुका है और वह बेहद जरूरी चीजों का भी निर्यात नहीं कर पा रहा है। अब वह विदेशी मदद पर निर्भर है।

जानकारी

राजपक्षे के इस्तीफे के बाद क्या होगा?

अगर राजपक्षे अपने वादे के मुताबिक 13 जुलाई को पद छोड़ देते हैं तो प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे कार्यकारी राष्ट्रपति बन जाएंगे। हालांकि, विक्रमसिंघे ने भी इस्तीफे का ऐलान कर दिया है तो श्रीलंका को नया राष्ट्रपति मिलना तय है। नए राष्ट्रपति के पदभार संभालने तक विक्रमसिंघे इस पद पर रहेंगे। खबरें आ रही हैं कि 20 जुलाई को होने वाले नए राष्ट्रपति चुनाव के लिए श्रीलंका की मुख्य विपक्षी पार्टी अपने नेता सजीत प्रेमदासा को नामित करेगी।