Loading...
इजरायल ने गाजा में किया हवाई हमला, 4 साल के मासूम समेत 3 लोगों की मौत
इजरायल के हवाई हमले में गाजा में 4 साल के मासूम समेत 3 लोगों की मौत हो गई है

इजरायल ने गाजा में किया हवाई हमला, 4 साल के मासूम समेत 3 लोगों की मौत

Aug 24, 2026
01:45 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी मध्यस्थता में हुए तथाकथित संघर्ष विराम समझौते के दावों के बीच इजरायल की सेना ने गाजा पट्टी में फिर से भीषण हवाई हमले किए हैं। मध्य गाजा में हुए इन ताजा हमलों में 4 वर्षीय बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा से कथित तौर पर उड़ाई जा रही पतंगों और ड्रोनों के जवाब में हमलों को और तेज करने की धमकी दी है।

हमले

कहां और कैसे हुए हमले?

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली लड़ाकू विमानों ने अज-जवायदा शहर में एक गोदाम पर दो मिसाइलें दागीं।

इस हमले में 4 साल के मासूम मोहम्मद अब्देल सलाम ताहा की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए।

इसी तरह सलाह अल-दीन स्ट्रीट में हुए 2 अलग-अलग हमलों में 2 अन्य फिलिस्तीनियों की मौत हो गई।

इजरायली क्वाडकोप्टरों द्वारा अल-शुजैया में की गई गोलीबारी दक्षिणी खान यूनिस में ड्रोन हमले में 15 लोग घायल हो गए।

धमकी

नेतन्याहू ने दी ताजा धमकी

प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने गाजा से लगी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने की बात कही है।

द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, सप्ताहांत में गाजा से इजरायली बस्तियों की तरफ 4 पतंगें उड़ाई गई थीं। नेतन्याहू इन्हें हथियारों से लैस ड्रोनों के खतरे से जोड़कर देख रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ये लॉन्च नहीं रुके तो वे उन इलाकों से आबादी को जबरन बाहर निकाल देंगे। हमास ने इन आरोपों को खारिज किया है।

ADVERTISEMENT

आंकड़े

गाजा में अब तक हुई 73,400 फिलिस्तीनियों की मौत

आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2025 में तथाकथित संघर्ष विराम समझौता लागू होने के बाद से अब तक गाजा पट्टी में इजरायली हमलों में 1,286 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है।

अक्टूबर 2023 में शुरू हुए इस युद्ध के बाद से अब तक इजरायली सेना के हमलों से गाजा में 73,400 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है।

हमास का सीधा आरोप है कि संघर्ष विराम के बाद भी इजरायल लगातार गलत आरोप लगाकर हमले कर रहा है।

ADVERTISEMENT