सऊदी अरब में हूती हमलों के बीच भारतीय दूतावास अलर्ट, नागरिकों को दी ये सलाह
क्या है खबर?
यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर लगातार किए जा रहे हैं। इस बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें। यह सलाह ऐसे समय आई है, जब हूती विद्रोही लगातार सऊदी अरब को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल दाग रहे हैं।
चेतावनी
दूतावास ने कहा- खिड़कियों से दूर रहें
दूतावास द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में लोगों से शांत रहने और खतरा टलने तक तुरंत किसी नजदीकी इमारत के सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
दूतावास ने कहा, "बेहतर होगा कि आप खिड़कियों से दूर घर के किसी अंदरूनी कमरे में रहें। जो लोग बाहर हैं, वे तुरंत किसी पास की इमारत में चले जाएं या किसी मजबूत दीवार के पीछे छिप जाएं।"
खतरनाक क्षेत्रों की तस्वीरें लेने से परहेज करने की भी सलाह दी गई है।
सलाह
अधिकारियों के दिशा निर्देशों का पालन करें- दूतावास
निर्देशों में कहा गया है कि मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत के क्षेत्रों में जोखिम की स्थिति में लोग आपातकालीन नंबर 911 पर कॉल कर सकते हैं। बाकी हिस्सों में 998 पर कॉल कर सकते हैं।
लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे आधिकारिक चैनलों के माध्यम से अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
वाहन चलाते समय चेतावनी मिलने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे पुलों और ऊंची इमारतों से दूर गाड़ी रोकें।