Page Loader
राफा में संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी की मौत, भारत से था कनेक्शन
राफा में संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी की मौत (फाइल तस्वीर: अनस्प्लैश)

राफा में संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी की मौत, भारत से था कनेक्शन

लेखन गजेंद्र
May 14, 2024
10:26 am

क्या है खबर?

फिलिस्तीन में गाजा पट्टी के दक्षिण में स्थित राफा में इजरायली हमले जारी हैं। इस बीच खबर आई है कि यहां संयुक्त राष्ट्र (UN) के अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी की मौत हो गई। कर्मचारी भारतीय सेना के पूर्व कर्मचारी थे। हालांकि, उनकी पूरी पहचान अभी सामने नहीं आई है। राफा में UN की गाड़ी पर हुए हमले में उनकी मौत हुई है। वह UN के सेफ्टी और सिक्योरिटी (DSS) स्टाफ के सदस्य थे। एक अन्य UN कर्मचारी भी घायल हुए हैं।

हमला

UN के महासचिव ने निधन पर दुख जताया और हमले की निंदा की

UN के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कर्मचारी के निधन पर दुख जताते हुए हमले की निंदा की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आज गाजा में UN के एक वाहन पर हमला किया गया, जिसमें हमारे एक सहकर्मी की मौत हो गई और दूसरा घायल है। गाजा में 190 से अधिक UN कर्मचारी मारे गए हैं। मानवीय कार्यकर्ताओं की सुरक्षा की जानी चाहिए। मैं हमलों की निंदा करता हूं और तत्काल युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के लिए अपनी अपील दोहराता हूं।'

चिंता

राफा में तबाही मचा रहा इजरायल

उत्तरी गाजा में भारी तबाही मचाने के बाद अब इजरायल दक्षिणी गाजा के राफा शहर में घुस गया है, जहां लाखों गाजावासियों ने शरण ले रखी है। इजरायल ने मिस्र से लगती राफा सीमा पर गाजा की तरफ से कब्जा कर लिया है और उसके टैंक यहां घुस आए हैं। इसके साथ ही शुक्रवार को उसके टैंकों ने राफा के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को बांटने वाली मुख्य सड़क पर कब्जा कर लिया।