दुबई के अस्पताल में भर्ती फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत में सुधार
क्या है खबर?
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी सह-पायलट के हमले से घायल हुए कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत में सुधार हो रहा है। उनके परिवार के सदस्यों ने NDTV को बताया कि मच्छार ने काफी दिनों बाद बुधवार को पहली बार अस्पताल में 10 कदम चलकर तेजी से ठीक होने का संकेत दिया। मच्छार अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में एक अस्पताल में भर्ती हैं। पहले वे अबू धाबी में भर्ती थे।
इलाज
सिर पर आई है गंभीर चोट
मच्छार को सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के अंदर क्रैश कुल्हाड़ी से मारा था, जो सीधे सिर में लगा और उनके सिर पर फ्रैक्चर हो गया।
घटना के समय वह कॉकपिट के फर्श पर पड़े दिखे थे और उनका शरीर खून से लथपथ था। उनको विमान के सऊदी अरब में लैंडिंग के बाद तबुक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यहां से एक दिन बाद उनको एयरलिफ्ट करके अबू धाबी लाया गया। यहां मच्छार की आपातकालीन सर्जरी हुई थी।
मुलाकात
भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में
UAE स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को बताया था कि अधिकारी लगातार मच्छार, उनके परिवार और डॉक्टरों के साथ संपर्क में हैं।
उन्होंने कैप्टन की हालत में लगातार सुधार होने और तेजी से स्वस्थ होने की बात कही थी। मच्छार का परिवार भी उनके साथ दुबई में हैं।
बता दें कि मच्छार ने 150 इजरायली यात्रियों वाली फ्लाईदुबई उड़ान FZ1073 को घातक हमले के बाद क्रैश होने से बचाया था। हमलावर UAE पुलिस और एजेंसियों की हिरासत में है।