
डोनाल्ड ट्रंप ने फिर लिया भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम का श्रेय, जानिए क्या दिया बयान
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेस-X और टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क के सरकारी कार्यदक्षता विभाग (DOGE) को छोड़ने का ऐलान करने के बाद शुक्रवार को मस्क के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इसमें उन्होंने मस्क की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह पूरी तरह से नहीं जा रहे हैं और वह DOGE के इर्द-गिर्द बने रहेंगे।
इस दौरान उन्होंने फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम कराने का दावा भी किया।
तारीफ
मस्क को लेकर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने कहा, "आज का दिन एलन मस्क के लिए है। वह एक महान व्यक्ति हैं। हम उनकी सराहना करते हैं क्योंकि उन्होंने अथक परिश्रम किया है। DOGE का मतलब है स्मार्ट होना।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मस्क वास्तव में नहीं जा रहे। वे DOGE के इर्द-गिर्द बने रहेंगे। हालांकि, मैं उन्हें एक विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में उनके समय के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने अपने काम छोड़कर DOGE के लिए अथक परिश्रम किया है।"
संदेश
DOGE का अंत नहीं हुआ है- मस्क
मस्क की तारीफ करने के बाद ट्रंप ने उन्हें एक स्वर्णिम चाबी उपहार के रूप में देकर सम्मानित किया।
इसके बाद मस्क ने कहा, "यह DOGE का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत है। यहां अब मेरा समय समाप्त हो गया है, लेकिन DOGE समय के साथ और मजबूत होता जाएगा।"
बता दें कि मस्क ने ट्रंप के प्रस्तावित 'बिग ब्यूटीफुल विधेयक' की कड़ी आलोचना के बाद इस्तीफा दिया है, जिसे उन्होंने बड़े पैमाने पर खर्च करने वाला विधेयक करार दिया था।
दावा
भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम हमने करवाया- ट्रंप
मस्क के विदाई समारोह के बीच ट्रंप ने एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम का श्रेय ले लिया।
उन्होंने कॉन्फ्रेंस के बीच कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका है। मेरा मानना है कि यह युद्ध परमाणु आपदा में बदल सकता था। मैं भारत और पाकिस्तान के नेताओं को उनकी बात समझने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। इसके साथ ही मैं अपने लोगों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं।"
व्यापार
ट्रंप ने संघर्ष विराम में बताई व्यापार की भूमिका
ट्रंप ने कहा, "हमने दोनों देशों से व्यापार की बात करते हुए कहा कि हम उन लोगों के साथ व्यापार नहीं कर सकते जो एक-दूसरे पर गोली चला रहे हैं और संभावित रूप से परमाणु हथियारों का उपयोग कर रहे हैं। वे उन देशों के महान नेता हैं, उन्होंने समझा और वे संघर्ष विराम पर सहमत हो गए।"
उन्होंने कहा, "हम किसी से भी बेहतर तरीके से लड़ सकते हैं। हमारे पास सबसे महान सेना और सबसे महान नेता हैं।"
खंडन
भारत कर चुका है अमेरिका के दावे का खंडन
बता दें, भारत ने गुरुवार को राष्ट्रपति ट्रंप के उस दावे का खंडन किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने के लिए उन्होंने टैरिफ का सहारा लिया था।
भारत ने कहा है कि पाकिस्तान के साथ युद्ध विराम होने तक अमेरिका और भारत की बातचीत में टैरिफ का मुद्दा कभी नहीं आया था। भारत के इस खंडन के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर से यह दावा कर विवाद को हवा दे दी है।