Page Loader
हिंद महासागर में चीन की मछली पकड़ने वाली नाव पलटी, 39 लोग लापता
हिंद महासागर में चीन की मछली पकड़ने वाली नाव पलटने से 39 लापता (प्रतीकात्मक तस्वीर: unsplash)

हिंद महासागर में चीन की मछली पकड़ने वाली नाव पलटी, 39 लोग लापता

लेखन गजेंद्र
May 17, 2023
11:52 am

क्या है खबर?

हिंद महासागर में बुधवार तड़के चीन की मछली पकड़ने वाली एक नाव पलट गई। हादसे में नाव सवार चालक दल के सभी 39 लोग लापता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चालक दल में चीन के 17, इंडोनेशिया के 17 और फिलीपींस के 5 लोग शामिल थे। उनको खोजने का अभियान जारी है। घटना के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कृषि और ग्रामीण मंत्रालय, परिवहन मंत्रालय और शेडोंग प्रांत को मामले में तुरंत स्थिति की समीक्षा करने के आदेश दिए।

हादसा

अंतरराष्ट्रीय समुद्री खोज टीम की मदद लेने का निर्देश

जिनपिंग ने लापता लोगों को खोजने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुद्री खोज और बचाव सहायता दलों की मदद लेने को कहा है। चीनी विदेश मंत्रालय और विदेशों में दूतावासों को खोज और बचाव कार्य के बारे में बताया गया है। साथ ही अभियान के लिए 2 जहाज तैनात किए गए हैं। बता दें, 'लु पेंग लाइयुआन यू 028' नामक नौका का संचालन पेंग लाई यिंग्यु कंपनी करती थी और इसका परिचालन पूर्वी प्रांत शैनडोंग के समुद्री क्षेत्र में होता था।