Loading...
कनाडा के सैन्य अड्डे में लगी भीषण आग, कई सैनिकों की मौत की आशंका
कनाडा के अल्बर्टा स्थित CFB वेनराइट अड्डे पर भीषण आग लग गई है

कनाडा के सैन्य अड्डे में लगी भीषण आग, कई सैनिकों की मौत की आशंका

लेखन आबिद खान
Oct 18, 2026
11:02 am

क्या है खबर?

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित सैन्य अड्डे CFB वेनराइट में शनिवार को भीषण आग लग गई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कई सैनिकों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की सटीक संख्या अभी जारी नहीं की है। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने कहा कि घटना में कुछ लोग मारे गए और कुछ घायल हुए हैं। फिलहाल जांच जारी है।

रिपोर्ट

7 सैनिकों की मौत की खबर

अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक, अड्डे में सैनिकों को गोली और तोप चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इसी दौरान गैस के कुएं या पाइपलाइन पर गोली लग गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ।

घटना के बाद अड्डे पर आग लग गई, जो तेज हवाओं की वजह से तेजी से फैल गई।

कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि 7 सैनिकों की मौत हो गई है। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने जताई संवेदनाएं

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा, 'अल्बर्टा के CFB वेनराइट में एक गंभीर घटना हुई है, जिसमें भीषण आग लग गई है। हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी बहादुर महिलाओं और पुरुषों के साथ हैं। हम अल्बर्टा सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। प्रीमियर स्मिथ और मैं लगातार संपर्क में हैं, और हमारे संबंधित मंत्री तथा अधिकारी भी आपस में संपर्क बनाए हुए हैं।'

ADVERTISEMENT