Page Loader
स्पेन में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 205 पर पहुंचा, हालात अब भी खराब
स्पेन में बाढ़ से मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है

स्पेन में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 205 पर पहुंचा, हालात अब भी खराब

लेखन आबिद खान
Nov 01, 2024
07:36 pm

क्या है खबर?

स्पेन में भीषण बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 205 पर पहुंच गया है। पूर्वी स्पेन के वैलेंशिया शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है और केवल यहीं पर 202 लोग मारे गए हैं। वैलेंशिया में 29 अक्टूबर को 8 घंटे में मूसलाधार 12 इंच बारिश होने से हालत खराब हो गई है। सड़कों पर अभी भी वाहनों और मलबे का ढेर लगा है, लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं और बिजली, पानी और मोबाइल संपर्क प्रभावित है।

अलर्ट 

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

स्पेन के मौसम विभाग ने देश के दक्षिण-पश्चिम भाग में स्थित तटीय इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हुलेवा में लगातार 12 घंटों तक 140 मिलीमीटर बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा प्रांत के बाकी इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अरासेना, आंदेवालो और कोंडाडो क्षेत्रों में बारिश के लिए ऑरेंज और तूफानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बयान

राष्ट्रपति ने जताया दुख

स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज ने कहा, "जो लोग अपने प्रियजनों की तलाश कर रहे हैं, पूरा स्पेन उनका दर्द महसूस कर सकता है। हमारी प्राथमिकता आपकी मदद करना है। हम सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि हम इस त्रासदी से उबर सकें। पुलिस और बचाव सेवाओं ने लोगों को घरों और कारों से निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया है। बाढ़ से तबाह इलाकों में 1,100 सेना के जवानों को तैनात किया गया है।"