Page Loader
सऊदी सीमा रक्षकों ने यमन सीमा पर सैंकड़ों इथियोपियाई प्रवासियों की सामूहिक हत्या की- रिपोर्ट
सऊदी सीमार सक्षकों ने यमन सीमा पर सैंकड़ों इथियोपियाई प्रवासियों को मारा (तस्वीर: अनस्प्लैश)

सऊदी सीमा रक्षकों ने यमन सीमा पर सैंकड़ों इथियोपियाई प्रवासियों की सामूहिक हत्या की- रिपोर्ट

लेखन गजेंद्र
Aug 21, 2023
12:00 pm

क्या है खबर?

मानवाधिकारों पर नजर रखने वाली संस्था ह्यूमन राइट्स वॉच (HRW) की नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सऊदी सीमा रक्षकों ने यमन सीमा पर सैंकड़ों इथियोपियाई प्रवासियों की सामूहिक हत्या की है। BBC के मुताबिक, रिपोर्ट में बताया गया है कि सैंकड़ों लोग सऊदी अरब पहुंचने के लिए युद्धग्रस्त यमन को पार कर गए थे, उन्हें गोली मार दी गई। इनमें अधिकतर इथियोपियाई शामिल थे। दूसरी तरफ सऊदी अरब ने इन आरोपों को खारिज किया है।

रिपोर्ट

रिपोर्ट में करीब से 14 गोलीबारी की घटना का जिक्र

HRW की 'दे फायर्ड ऑन अस लाइक रेन' नामक शीर्षक से प्रकाशित रिपोर्ट में उन प्रवासियों की गवाही शामिल है, जिन्होंने बताया कि सऊदी अरब के साथ यमन की उत्तरी सीमा पर उन पर गोली चलाई गई। रिपोर्ट की मुख्य लेखिका नादिया हार्डमैन ने BBC को बताया कि उन्होंने जो दस्तावेज दर्ज किए, वह सामूहिक हत्याएं हैं। रिपोर्ट मार्च, 2022 से इस साल जून तक की है। इसमें 28 घटनाओं और करीब से गोलीबारी की 14 घटनाओं का विवरण है।

घटना

हर साल 2 लाख लोग करते हैं खतरनाक यात्रा का प्रयास

संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार, हर साल 2 लाख से अधिक लोग हॉर्न ऑफ अफ्रीका से यमन तक समुद्र पार करते हैं और फिर सऊदी अरब की खतरनाक यात्रा का प्रयास करते हैं। कई बार लोगों को रास्ते से ही कारावास जाना पड़ता है। बता दें कि उत्तरी सीमा पर सऊदी सुरक्षा बलों द्वारा व्यापक हत्याओं की रिपोर्ट पहली बार पिछले अक्टूबर में संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों द्वारा रियाद सरकार को लिखे एक पत्र में सामने आई थी।