Page Loader
दुनिया की सबसे छोटे कद वाली महिला ने बनाया नया रिकॉर्ड, जन्मदिन पर कर दिखाया कमाल
ज्योति आम्गे ने बनाया दुनिया के सबसे छोटे हाथों का विश्व रिकॉर्ड (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@jyoti_amge)

दुनिया की सबसे छोटे कद वाली महिला ने बनाया नया रिकॉर्ड, जन्मदिन पर कर दिखाया कमाल

लेखन सयाली
Dec 17, 2024
11:06 am

क्या है खबर?

ज्योति आम्गे दुनिया की सबसे छोटे कद वाली महिला हैं, जिनकी लंबाई महज 2 फीट और 0.7 इंच है। यह रिकॉर्ड साल 2009 से उनके नाम दर्ज है, जब वह दुनिया की सबसे छोटी लड़की हुआ करती थीं। बीते दिन यानि 16 दिसंबर को ज्योति ने अपना जन्मदिन मनाया है और वह 31 साल की हो गई हैं। इस खास अवसर पर उन्होंने एक नया विश्व रिकॉर्ड बना डाला है, जो उनके हाथों से संबंधित है।

रिकॉर्ड

दुनिया के सबसे छोटे हाथों वाली महिला बनीं ज्योति

पिछले महीने गिनीज बुक की टीम ने गिनीज विश्व रिकॉर्ड दिवस का जश्न मनाया था, जिसमें शामिल होने के लिए ज्योति लंदन पहुंची थीं। इस दौरान गिनीज बुक के कर्मचारियों ने उनके हाथों को मापा। इससे पता चला कि ज्योति के हाथ दुनिया के सबसे छोटे हाथ हैं। इसके बाद उन्हें दुनिया के सबसे छोटे हाथों वाली महिला का विश्व रिकॉर्ड भी दे दिया गया।

हाथ

जानिए कितने छोटे हैं ज्योति के हाथ

गिनीज बुक की जानकारी के मुताबिक, ज्योति का बायां हाथ 2.79 इंच लंबा है और उनका दाहिना हाथ 2.83 इंच लंबा है। उनके हाथ कोका-कोला के कैन की लंबाई से आधे हैं और एक गेंद से भी छोटे हैं। ज्योति के छोटे और प्यारे हाथों में मोबाइल फोन और कप जैसी सामान्य चीजें भी विशाल दिखाई देती हैं। हालांकि, उनके हाथ दुनिया के सबसे छोटे कद के पुरुष अफशीन गदरजादेह से बड़े हैं।

जन्मदिन

गिनीज बुक की टीम ने मनाया था ज्योति का जन्मदिन

पिछले महीने जब ज्योति लंदन गई थीं, तब गिनीज बुक की टीम ने उनका जन्मदिन मनाया था। उनके लिए कैटरपिलर के आकार वाला चॉकलेट केक लाया गया था, जिसे देखकर वह बेहद खुश हुई थीं। ज्योति ने अपने नन्हें-नन्हें हाथों से पूरे उत्साह के साथ केक काटा। इस दौरान वह दुनिया की सबसे लंबी महिला रूमेसा गेल्गी से भी मिली थीं। आपको जानकार हैरानी होगी की रूमेसा की उंगलियां भी ज्योति के हाथों से बड़ी हैं।

ज्योति

पेशे से अभिनेत्री हैं ज्योति

ज्योति ने जब 2009 में दुनिया की सबसे छोटी लड़की का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवाया था, तब उनकी लंबाई 2 फीट थी। इसके बाद 2011 में जब वह 18 की हुईं, तब उन्हें सबसे छोटी महिला का खिताब मिला। यह नन्हीं-सी महिला पेशे से एक अभिनेत्री हैं, जिन्होंने अमेरिकन हॉरर स्टोरी नामक शो में अभिनय किया है। इसके अलावा, वह बिग बॉस के छठे सीजन में मेहमान बनकर गई थीं।