छात्रों ने 4X4X4 रुबिकस क्युब को 9.8 सेकंड में हल करने के लिए बना डाला रोबोट
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड के रहने वाले 4 होनहार छात्रों ने एक कमाल कर दिखाया है। दरअसल, 'यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी' में चौथे वर्ष के मेकाट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के इन छात्रों ने एक ऐसा रोबोट बना डाला, जो महज 9.8 सेकंड में 4X4X4 रुबिकस क्युब हल कर देता है। उन्हें सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद इस रोबोट को बनाने की प्रेरणा मिली थी। उनकी इस रचना के जरिए उनका नाम गिनीज बुक में शुमार हो गया है।
रोबोट
कॉलेज के प्रोजेक्ट के लिए बना रहे थे रोबोट
इस रोबोट को बनाने वाले छात्रों का नाम केलेब एवरिट, हेडेन वॉटसन, मैज कैमरन और जोहान टोरेस है। उनके रचे रोबोट ने सबसे कम समय में किसी रोबोट द्वारा रुबिकस क्युब को हल करने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
यह उनका विश्वविद्यालय के आखरी साल का प्रोजेक्ट था, जिसके जरिए उनका नाम गिनीज बुक में अंकित हो गया। छात्रों ने 16 अक्टूबर को अपना आधिकारिक रिकॉर्ड प्रयास किया, जिसमें उन्होंने 9.806 सेकंड का समय दर्ज किया।
विचार
कैसा आया रिकॉर्ड बनाने का विचार?
ये छात्र फिलहाल गिनीज बुक द्वारा उनके रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि होने का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों ने इंटनेट पर किसी रोबोट के रुबिक्स क्यूब को हल करने के पिछले रिकॉर्ड का वीडियो देखा था, जो 45 सेकंड था।
उन्होंने गौर किया कि रोबोट मानव विश्व रिकॉर्ड की तुलना में काफी धीमा था। बस, फिर क्या था, उन्होंने ठान लिया कि वे तकनीक को बेहतर बनाएंगे और नया रोबोट बनाकर विश्व रिकॉर्ड को तोड़ेंगे।
रचना
काम बांटकर बनाया रोबोट
चारों छात्रों ने इस प्रोजेक्ट को 4 मुख्य हिस्सों में बांट लिया। केलेब ने मैकेनिकल डिजाइनिंग, जोहान ने इलेक्ट्रिकल और मोटर कंट्रोल, हेडन ने कंप्यूटर विजन और मैज ने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का काम संभाला।
छात्रों के मुताबिक, रोबोट में 4 कैमरे लगे हैं, जिससे वह क्यूब को देखता है और पता लगाता है कि अलग-अलग रंग कहां-कहां हैं। इसके बाद, यह जानकारी एक ओपन-सोर्स एल्गोरिदम में डाली जाती है, जो क्यूब को सुलझाने के लिए जरूरी चालें तय करता है।
छात्र
कम बजट में कर दिखाया यह कमाल
छात्रों ने उनके विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से मिले सीमित बजट में ही रोबोट तैयार किया। उन्होंने ड्रोन में इस्तेमाल होने वाली हाई-स्पीड मोटरों को चुना।
इसके साथ उन्होंने ऐसे खास कंट्रोलर लगाए, जो क्यूब को रिकॉर्ड समय में सुलझाने के लिए जरूरी सटीकता, ताकत और गति प्रदान करते हैं। चारों छात्रों ने अपने लिए नौकरियां ढूंढ ली हैं और उनका रोबोट विश्वविद्यालय में रखा जाएगा, ताकि अन्य छात्र उससे प्रेरणा ले सकें।