Page Loader
स्पैनिश महिला ने 50 साल में जमा किए 15,000 अंडे रखने वाले कप, बनाया विश्व रिकॉर्ड 
सबसे ज्यादा अंडे वाले कप जमा करने का विश्व रिकॉर्ड

स्पैनिश महिला ने 50 साल में जमा किए 15,000 अंडे रखने वाले कप, बनाया विश्व रिकॉर्ड 

लेखन सयाली
Jul 07, 2025
05:13 pm

क्या है खबर?

कई लोगों को अलग-अलग चीजें जमा करने का शौक होता है, जिससे उन्हें खुशी मिलती है। कोई सिक्के जमा करना पसंद करता है तो किसी को खिलौने इखट्टा करने में दिलचस्पी होती है। हालांकि, बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो इस चीजें जमा करने की रुचि के जरिए नाम कमा पाते हैं। इन्हीं चुनिंदा लोगों में से एक हैं स्पेन की रहने वालीं मारिया जोस फस्टर, जिन्होनें अंडे रखने वाले लगभग 15,000 कप जमा करके विश्व रिकॉर्ड बना डाला।

मामला

50 साल में तैयार किया यह अनोखा संग्रह

मारिया स्पेन के कैंपो की रहने वाली हैं और करीब 50 सालों से अंडे रखने वाले कप इखट्टा कर रही हैं। वह पेशे से एक वंशावलीविद और इतिहासकार हैं, लेकिन उनके शौक ने उन्हें पहचान दिलाई है। उन्हें अंडे खाना उतना पसंद नहीं है, जितना की उन्हें रखने वाले कप खरीदना। फिलहाल, मारिया के संग्रह में कुल 15,485 कप मौजूद हैं, जिनकी मदद से उनका नाम गिनीज बुक में शामिल हो गया है।

कप

मरिया के पास हैं हर रंग और आकार के कप 

मरिया का संग्रह आधिकारिक तौर पर विश्वभर में 'अंडे के कपों का सबसे बड़ा संग्रह' घोषित हो गया है। उनके पास लगभग हर रंग और आकार वाला कप मौजूद है। उनके संग्रह में जीवंत रंगों वाले, सुंदर पैटर्न वाले और यहां तक कि जानवरों के आकार वाले कप शामिल हैं। उनके पास एक घोड़े के आकर का कप है, जो दिखने में बहुत आकर्षक लगता है। मरिया गारफील्ड, सुपरमैन और बेटी बॉप जैसे किरदारों वाले कप भी जमा करती हैं।

ब्लॉग

ऑनलाइन ब्लॉग में दी है हर कप की जानकारी 

मारिया ने अपने सभी अंडों वाले कप के बारे में एक ऑनलाइन ब्लॉग में लिखा है, जिसमें प्रत्येक के डिजाइन की जानकारी दी गई है। उनके दूसरे ब्लॉग में वह उन लोगों के बारे में बताती हैं, जिन्होनें कप जमा करने में उनकी मदद की थी। संग्रह तैयार करने के 5 दशक बाद मारिया जुलाई 2023 में एक नए सामुदायिक केंद्र में सभी कप को एक स्थान पर रखने में सक्षम हो पाईं।

गिनती

3 घंटे में हो पाई सभी कप की गिनती

रिकॉर्ड बनाने के लिए मरिया को सभी अंडे वाले कप की गिनती करनी थी। उन्होंने गिनती के लिए 2 लोगों की मदद ली, ताकि कोई गलती न हो। उन्हें गिनती पूरी करने में लगभग 3 घंटे से ज्यादा का समय लगा था। इसके बाद गिनीज बुक की टीम ने आधिकारिक तौर पर उन्हें उनका खिताब दे दिया था। मरिया को अपने संग्रह का प्रदर्शन करना बहुत अच्छा लगता है। उनके 1,143 अंडे वाले कप एक स्थानीय संग्रहालय में प्रदर्शित हैं।