Page Loader
सवाना ब्रीड की 'घरेलू बिल्ली' ने बनाया सबसे लंबी होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
अमेरिका की फेनरीर बिल्ली बनी दुनिया की सबसे लंबी घरेलू बिल्ली

सवाना ब्रीड की 'घरेलू बिल्ली' ने बनाया सबसे लंबी होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

लेखन गौसिया
Oct 05, 2022
06:29 pm

क्या है खबर?

आज हम आपको एक ऐसी घरेलू बिल्ली के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने अपनी लंबाई की वजह से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम शामिल कर लिया है। इस बिल्ली का नाम फेनरीर एंटारेस पॉवर्स है, जो अमेरिका के मिशिगन के फार्मिंगटन हिल्स में रहती है। इसकी लंबाई अपनी ब्रीड की अन्य बिल्लियों की तुलना में इतनी ज्यादा है कि लोग इसे तेंदुआ का छोटा बच्चा समझते हैं।

लंबाई

18.83 इंच लंबी है फेनरीर बिल्ली

29 जनवरी 2021 को फेनरीर के कंधे से पैर तक की लंबाई 18.83 इंच यानी एक फुट 68 इंच मापा गया है। फेनरीर एक सवाना नस्ल की बिल्ली है, जो अब दुनिया की सबसे लंबी घरेलू बिल्ली बन गई है। सवाना ब्रीड की अन्य बिल्लियों की लंबाई इतनी नहीं होती है जितनी फेनरीर की है। आमतौर पर इनकी लंबाई 14 से 17 इंच के बीच में ही पाई जाती है।

मालिक

डॉ विलियम ने 12 सप्ताह की उम्र में फेनरीर को लिया था गोद

फेनरीर बिल्ली फार्मिंगटन हिल्स में डॉ विलियम जॉन पॉवर्स के साथ रहती है। पेशे से विलियम एक चिकित्सक और HIV विशेषज्ञ हैं। फेनरीर को उन्होंने केवल 12 सप्ताह की उम्र में ही गोद ले लिया था। इसके अलावा, उनके पास कई और बिल्लियां भी हैं। उन्होंने कहा, "कभी-कभी लोग फेनरीर को देखते हैं तो उसकी लंबाई के कारण वो उसे एक छोटा पैंथर, प्यूमा या एक ओसेलोट समझ लेते हैं।"

जानकारी

डॉ विलियम का नाम भी गिनीज बुक में है शामिल

बता दें, डॉ विलियम ने खुद कई बिल्लियां रखने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उनके बाद गिनीज रिकॉर्ड में अब उनके घर से फेनरीर बिल्‍ली ने अपना नाम शामिल कर लिया है, जिससे वो काफी खुश हैं।

ब्रीड

घरेलू और अफ्रीकन सर्वल बिल्ली से मिलकर बनी है सवाना बिल्ली

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, सवाना बिल्लियां, घरेलू बिल्लियां और अफ्रीकन सर्वल की क्रॉस ब्रीड होती हैं। इंटरनेशनल कैट एसोसिएशन (ICA) F2 ने सवाना बिल्ली को घरेलू बिल्ली के रूप में मान्यता दी है। फेनरीर बिल्‍ली के ग्रेंडपेरेन्‍ट कोंगो एक सर्वल लंबी जंगली बिल्ली थी, जिसकी लंबाई भी अन्य की तुलना में ज्यादा थी। अब उनकी लंबाई इस तीसरी पीढ़ी में फेनरीर को मिली है जो सवाना बिल्ली की तुलना में एक इंच लंबी है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

2016 में फेनरिर के भाई आर्कटुरस ने भी दुनिया की सबसे लंबी घरेलू बिल्ली होने का रिकॉर्ड बनाया था। आर्कटुरस की लंबाई 19.05 इंच मापी गई थी। हालांकि, घर में आग लगने के कारण आर्कटुरस की मौत हो चुकी है।