Page Loader
ऐपल के दुर्लभ जूतों की हो रही नीलामी, लाखों रुपये लगी है कीमत; जानिए इसकी खासियत
ऐपल के दुर्लभ जूतों की हो रही नीलामी

ऐपल के दुर्लभ जूतों की हो रही नीलामी, लाखों रुपये लगी है कीमत; जानिए इसकी खासियत

लेखन गौसिया
Jul 26, 2023
01:30 pm

क्या है खबर?

ऐपल के आईफोन के बारे में तो आपने सुना ही होगा, लेकिन क्या आपने ऐपल के जूतों के बारे में सुना है? यकीनन ज्यादातर लोग इससे अनजान होंगे कि आईफोन, मैकबुक, आईपैड जैसे उत्पाद बनाने वाली ऐपल कंपनी ने अपने जूते भी बनाए थे, जिनकी अब नीलामी हो रही है। यह जूते कोई आम जूते नहीं है। ऐसे में अमेरिका की मशहूर नीलामी कंपनी सोथबी इन जूतों को 50,000 डॉलर (लगभग 40.99 लाख रुपये) में नीलाम कर रही है।

जानकारी

अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए उपलब्ध हैं जूते

जानकारी के मुताबिक, ऐपल के इन दुर्लभ जूतों को ओमेगा स्पोर्ट्स ऐपल कंप्यूटर स्नीकर्स कहा जाता है। ये दुर्लभ जूते अमेरिका के कोलोराडो से अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के जरिए उपलब्ध हैं। ये बिल्कुल नई स्थिति में हैं और इसके साथ एक लाल लेस भी दी जाएगी।

खासियत

क्या हैं जूतों की खासियत?

ऐपल ने 1990 में सफेद लेदर से ये जूते बनाए थे, जिसमें ऐपल का पुराना रेनबो लोगो भी बना हुआ है। इन दुर्लभ जूतों का सोल रबर का बना है और इसकी एड़ी में एक एयर कुशनिंग विंडो भी है। इसका अमेरिकन साइज 10.5, यूरोपीय साइज 41 और यूनाइटेड किंगडम (UK) साइज 8.5 है। यह सिर्फ पुरुषों के लिए ही है। ऐपल द्वारा बनाए गए ये जूते सिर्फ कंपनी के कर्मचारी ही खरीदते और पहनते थे।

खामी

जूतों में क्या है खामी?

नीलामी कंपनी सोथबी के मुताबिक, कंपनी ने ये दुर्लभ जूते कर्मचारियों को राष्ट्रीय बिक्री सम्मेलन में एक विशेष उपहार के रूप में दिए थे, जो 90 के दशक के मध्य में आयोजित किया गया था। यह जोड़ी पहले कभी-भी जनता को नहीं बेची गई है। हालांकि, कई साल पुराने होने के कारण जूते के तलवों के बीच के आसपास थोड़ा-सा पीलापान है और यही इस जते की खामी बताई गई है।

साझेदारी

जूते बनाने के लिए ऐपल ने किसके साथ की थी साझेदारी?

ऐपल ने इन विशेष स्नीकर्स के लिए ओमेगा स्पोर्ट्स के साथ साझेदारी की थी, जो अब बंद हो चुका है। पुराने समय में ऐपल विशेष-संस्करण किस्म के उत्पादों के लिए होंडा और ब्रौन जैसे कुछ ब्रांड को भी अपना लोगो देता था। बता दें कि ऐपल ने इन दुर्लभ जूतों का कभी भी प्रचार नहीं किया क्योंकि ये जूते खासतौर पर कंपनी के कर्मचारियों के लिए ही डिजाइन किए गए थे।