Page Loader
नाइजीरिया के संगीत निर्माता ने बनाया सबसे लंबी रिकॉर्डिंग का रिकॉर्ड, कई उभरते गायक बने हिस्सा
इस रिकॉर्ड के जरिए कई उभरते गायकों को मिला मंच

नाइजीरिया के संगीत निर्माता ने बनाया सबसे लंबी रिकॉर्डिंग का रिकॉर्ड, कई उभरते गायक बने हिस्सा

लेखन सयाली
Oct 01, 2024
02:14 pm

क्या है खबर?

संगीत एक ऐसी कला है, जो पूरी दुनिया को जोड़कर रखती है। लोग अलग-अलग देशों का संगीत सुनकर वहां की संस्कृति और लोगों के बारे में जान पाते हैं। अगर आप भी एक संगीत प्रेमी हैं, तो आपको नाइजीरिया में बनाए गए इस नए रिकॉर्ड के विषय में जानना चाहिए। दरअसल, एक नाइजीरियाई संगीत निर्माता ने दुनिया की सबसे लंबी रिकॉर्डिंग का विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। इसके लिए उन्होंने नाइजीरिया के कई उभरते गायकों के गाने रिकॉर्ड किए।

रिकॉर्ड

95 घंटे और 59 मिनट तक चला यह रिकॉर्डिंग सत्र

इस संगीत निर्माता का नाम इडेम अबसिफ्रेके है, जो बीट इज ब्लैक नामक रिकॉर्डिंग स्टूडियो के मालिक हैं। उन्होंने फरवरी महीने में कई प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ सबसे लंबी रिकॉर्डिंग का रिकॉर्ड बनाकर गिनीज बुक में अपना नाम शामिल करा लिया है। उनका ऐतिहासिक रिकॉर्डिंग सत्र 10 फरवरी को शुरू हुआ था, जो की करीब 95 घंटे और 59 मिनट तक चला। यह लगभग 4 दिन के बराबर का समय था।

प्रेरणा

अबसिफ्रेके उभरते गायकों को देना चाहते थे एक मंच

अबसिफ्रेके ने अपने इस रिकॉर्ड प्रयास के लिए देशभर से कई उभरते गायकों को स्टूडियो बुलाया था। वह इस ऐतिहासिक प्रयास के जरिए भविष्य के गायकों और रैपिंग के सितारों को एक मंच प्रदान करना चाहते थे। साथ ही उनकी प्रेरणा थी कि वह इस रिकॉर्ड के जरिए एक बेहद मशहूर संगीत निर्माता भी बन जाएंगे। बता दें कि अबसिफ्रेके ने इस प्रयास के जरिए 2022 का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसका समय 40 घंटे और 19 मिनट था।

अबसिफ्रेके

हर एक घंटे बाद कलाकारों को मिलता था 5 मिनट का ब्रेक

अबसिफ्रेके ने गिनीज बुक की टीम से बात करते हुए कहा, "इस रिकॉर्डिंग सत्र का हर दिन एक नए अनुभव की तरह था।" हर एक गायक ने करीब एक-एक घंटे तक गाने रिकॉर्ड किए और उनके चेहरे की खुशी देखकर अबसिफ्रेके को संतोष महसूस हुआ। सभी अन्य रिकॉर्ड प्रयासों की तरह अबसिफ्रेके और उनके गायकों को हर एक घंटे बाद 5 मिनट का ब्रेक मिलता था। इस दौरान अबसिफ्रेके सो जाते थे या सभी अन्य गायकों से बात करते थे।

कठिनाइयां

रिकॉर्ड बनाते समय अबसिफ्रेके के सामने आईं ये कठिनाइयां

अबसिफ्रेके ने बताया कि वह संगीत निर्माता के रूप में काम करते वक्त कई बार दिन-रात जगे हैं, इसीलिए उन्हें नींद ने परेशान नहीं किया। उन्होंने रिकॉर्ड प्रयास के दौरान केवल फल और चावल खाए थे और माल्टा गिनीज नामक पेय पिया था। उनके मुताबिक रिकॉर्ड बनाने का सबसे कठिन हिस्सा इसका वित्तपोषण करना और अपने स्टूडियो की बिजली व्यवस्था को चालू रखना था। इस दौरान कई बार उन्हें तकनीकी कठिनाइयां भी झेलनी पड़ी थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।