Page Loader
नाइजीर‍िया: महिला शेफ ने 4 दिनों तक लगातार बनाया खाना, बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
नाइजीरियाई शेफ ने 4 दिनों तक लगातार बनाया खाना

नाइजीर‍िया: महिला शेफ ने 4 दिनों तक लगातार बनाया खाना, बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Jun 14, 2023
05:09 pm

क्या है खबर?

दुनियाभर में ऐसे कई लोग हैं, जिन्होंने अलग-अलग तरह की चीजें करके अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया है। इसी कड़ी में नाइजीर‍िया की 26 वर्षीय शेफ ह‍िल्‍डा बाची का नाम जुड़ गया है, जिन्होंने 4 दिनों तक लगातार खाना बनाकर अपना नाम ग‍िनीज वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड में दर्ज करा लिया है। ह‍िल्‍डा के खाना बनाने का कार्यक्रम नाइजीर‍िया के लागोस नामक शहर में आयोज‍ित क‍िया गया था। आइए इस हिल्डा के रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से जानें।

प्रयास

हिल्डा ने रिकॉर्ड बनाने के लिए बहुत प्रयास किए

NDTV की रिपोर्ट के मुताब‍िक, हिल्डा ने यह रिकॉर्ड बनाने के ल‍िए पिछले साल लगातार 4 द‍िनों तक पैरों पर खड़े रहने के ल‍िए ज‍िम में ट्रेन‍िंग ली थी और उन्‍होंने कहा था कि उनका 11-15 मई का प्रयास नाइजीरियाई व्यंजनों को मानचित्र पर लाने में मदद करने के लिए था। हिल्डा ने लगातार 93 घंटे और 11 मिनट तक बिना रुके खाना पकाया और सबसे लंबे समय तक अकेली खाना पकाने के सत्र में गिनीज र‍िकॉर्ड बनाया है।

बयान

नाइजीरियाई व्यंजनों को दुनियाभर में पहचान दिलाना है लक्ष्य- हिल्डा

हिल्डा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मैं चाहती हूं कि नाइजीरियाई व्यंजनों को दुनिया भर में पहचान दिलाई जाए और एक अमेरिकी घर में एगुसी सूप बनाना एक सामान्य बात हो।" उन्होंने आगे यह भी कहा कि वह चाहती हैं कि लोग किसी भी सुपर मार्केट में जाकर नाइजीरियाई सामग्रियों को आसानी से ढूंढ सकें और उनसे तरह-तरह के नाइजीरियाई व्यंजनों को बना सकें।

शख्सियत

हिल्डा ने बड़ी हस्तियों के लिए बनाया खाना

हिल्डा के रिकॉर्ड ने अपने देश का ध्यान उस समय खींचा, जब नाइजीरियाई लोग उच्च मुद्रास्फीति, ईंधन की कमी और अन्य आर्थिक संघर्षों से जूझ रहे हैं। इस दौरान वह लागोस की बड़ी हस्‍त‍ियों के ल‍िए खाना पका रही थीं। इन बड़ी हस्तियों की सूची में राज्य के गवर्नर, देश के तत्कालीन उपराष्ट्रपति और नाइजीरियाई अफ्रोबीट्स संगीत स्टार तिवा सैवेज आदि शामिल थें। इससे पहले हिल्डा एक टेलीविजन शो में कुक-ऑफ प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।

अन्य रिकॉर्ड

इससे पहले भारतीय शेफ के नाम था यह रिकॉर्ड

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने कहा, 'सभी सबूतों की गहन समीक्षा के बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इसकी पुष्टि करता है कि हिल्डा बाची ने आधिकारिक रूप से सबसे लंबे समय तक कुकिंग मैराथन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।' बता दें कि पहले यह रिकॉर्ड भारतीय शेफ लता टंडन के नाम था, ज‍िन्‍होंने साल 2019 में लंदन में आयोज‍ित कार्यक्रम में लगातार 87 घंटे और 46 म‍िनट तक खाना बनाकर र‍िकॉर्ड बनाया था।