Page Loader
कर्नाटक: शख्स ने नानचाकू से एक मिनट में 42 नारियल तोड़कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
कर्नाटक के शख्स ने एक मिनट में तोड़े 42 नारियल

कर्नाटक: शख्स ने नानचाकू से एक मिनट में 42 नारियल तोड़कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

लेखन गौसिया
Oct 03, 2022
02:12 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के मुदुर में रहने वाला एक शख्स अपने अनोखे कारनामे की वजह से दुनियाभर में मशहूर हो गया है। उन्होंने ऐसा काम किया है, जो कोई आम इंसान शायद ही कर सके। इस शख्स ने एक मिनट में वॉलंटियर्स के सिर पर रखे 42 नारियल को नानचाकू की मदद से तोड़कर अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। इसका वीडियो ट्विटर पर शेयर किया गया है, जो अब वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया वीडियो

रिकॉर्ड बनाने वाले शख्स का नाम केवी सैदालवी है और वो पेशे से मार्शल ऑर्टिस्ट हैं। नारियल तोड़ने वाला उसका वीडियो शनिवार को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधिकारिक ट्विटर हैंडल @GWR से शेयर किया गया। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'नया रिकॉर्ड: भारत के केवी सैदालवी ने एक मिनट में नानचाकू से सिर पर 42 नारियल तोड़ दिए। शुरुआत में उनकी गति धीमी थी, लेकिन फिर उन्होंने अपनी गति तेज कर ली।'

रिकॉर्ड

सैदालवी नारियल तोड़ते गए और वॉलंटियर्स अपने सिर पर नारियल रखते गए

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मैदान पर गोला बनाकर छह लोग बैठे हुए हैं और सैदावली उनके बीच में खड़े हुए हैं। टाइम शुरू होने पर सैदावली नानचाकू की मदद से एक के बाद एक वॉलंटियर्स के सिर पर रखे हुए नारियलों को तोड़ते जाते हैं। नारियल टूटने पर वॉलंटियर्स दूसरा नारियल अपने सिर पर रख लेते हैं। बता दें कि तोड़े हुए नारियलों को खाने और तेल बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

अन्य रिकॉर्ड

सैदावली ने अनानास काटकर और पाइन बोर्ड तोड़कर भी बनाया रिकॉर्ड

वीडियो में सैदालवी अनानास काटते हुए भी दिख रहे हैं। एक लंबी लाइन में बहुत सारे लोग अपने सिर पर अनानास रखकर बैठे हुए है और सैदावली तेज धार तलवार से उनको काट रहे हैं। 30 सेकंड में उन्होंने 75 अनानास काट दिए। इसके बाद उन्होंने एक पैर से पाइन बोर्ड को भी तोड़ा। सैदालवी ने 30 सेकंड में 36 पाइन बोर्ड को तोड़ दिया।

जानकारी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

सोशल मीडिया पर सैदावली का नारियल तोड़ने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। अब तक इस वीडियो को 5,000 से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं। लोग ढेर सारे कमेंट्स करके सैदालवी के हुनर और जज्बे को सलाम कर रहे हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए सैदालवी का कारनामा

प्रतिक्रिया

यूजर्स ने सैदालवी के साथ-साथ वॉलंटियर्स की भी जमकर तारीफ की

सैदालवी के साथ-साथ यूजर्स उन वॉलंटियर्स की भी तारीफ कर रहे हैं जो बेखौफ होकर अपने सिर पर नारियल या अनानास रखे हुए हैं। एक यूजर ने लिखा, 'वॉलंटियर्स को सैदालवी पर पूरा भरोसा है, तभी इतने आराम से बैठे हैं। अविश्वसनीय।' दूसरे यूजर ने हैरान होकर लिखा, 'ये नारियल को सिर पर रखकर तोड़ रहे हैं... ब्रावो।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अगर गलती से एक भी नारियल छूट जाता तो कुछ भी हो सकता था।'