Page Loader
बिहार: करवा चौथ पर पति ने खुशी-खुशी अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई
बिहार में पति ने पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिहार: करवा चौथ पर पति ने खुशी-खुशी अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई

लेखन गौसिया
Oct 15, 2022
12:49 pm

क्या है खबर?

करवा चौथ के दिन पत्नियां अपने पति के लिए व्रत रखकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। बदले में पति भी अपनी पत्नियों को उपहार देते हैं, लेकिन बिहार में एक शख्स ने करवा चौथ पर अपनी पत्नी को ऐसा उपहार दिया, जिसके बारे में सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। शख्स ने गांव की कचहरी में सबकी मौजूदगी में अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई और फिर उसे विदा कर दिया। आइये पूरा मामला जानते हैं।

मामला

मायके में हुई थी महिला की प्रेमी के साथ मुलाकात

यह पूरा मामला भागलपुर जिले के सुल्तानगंज के गनगनिया गांव का है। 2012 में पूजा महज 16 साल की थी, तब उनकी शादी श्रवण से हुई। अब दंपति के कुल चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र दो साल से आठ साल तक है। पूजा का मायका बांका जिले में है। यहां उनके पड़ोस के घर में छोटू (26) की नानी का घर है। पांच साल पहले यहीं दोनों की मुलाकत हुई और धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे।

फैसला

महिला ने बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी से शादी करने का लिया फैसला

पूजा और छोटू एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं। पूजा ने अपने चारों बच्चों और पति को छोड़कर अपने प्रेमी से शादी करने का फैसला लिया। फिर पूजा ने अपने पति श्रवण को प्रेमी के बारे में सब कुछ बता दिया। इसके बाद पति भी पूजा की शादी उसके प्रेमी के करवाने के लिए राजी हो गया। पति श्रवण ने शादी के लिए करवा चौथ का दिन चुना और परिवार से बात करके सभी को शादी की सूचना दे दी।

शादी

करवा चौथ के दिन हुई महिला और प्रेमी की शादी

पूजा ने अपने प्रेमी को भी गांव बुला लिया। करवा चौथ के दिन गांव के सरपंच और मुखिया के सामने पूजा और छोटू शादी के पेपर पर साइन करके पति-पत्नी बन गए। इस दौरान गांव वाले भी मौजूद रहे। विदाई के वक्त पत्नी ने कहा कि वो कभी बच्चों को अपने पास रखने के लिए नहीं कहेंगी और न ही श्रवण से कोई पैसे मांगेंगी। इस पर पति ने कहा, "तुम जाओ, खुश रहना। मैं बच्चों का ध्यान रख लूंगा।"

अन्य मामला

करवा चौथ पर पत्नी ने पति को अपनी गर्लफ्रेंड को शॉपिंग कराते हुए पकड़ा

इससे पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से भी एक मामला सामने आया था। यहां करवा चौथ के दिन पति अपनी पत्नी से चोरी-छिपे गर्लफ्रेंड को शॉपिंग कराने बाजार लेकर गया था। अचानक उसी बाजार में उसकी पत्नी भी अपनी मां और बहन के साथ शॉपिंग के लिए पहुंच गई और उसने पति को दूसरी महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद बीच बाजार में ही पत्नी ने पति को एक के बाद एक थप्पड़ लगाना शुरू कर दिया।