लड़की के पेट से निकले आधा किलो बाल, शैंपू के खाली पैकेट समेत कई अजीबो-गरीब चीजें
क्या है खबर?
कई बार कुछ ऐसे मामले हमारे सामने आते हैं जिनके ऊपर यकीन नहीं होता है।
अक्सर आपने ऑपरेशन करके लोगों के पेट से कई तरह की चीजों को निकाले जानें के बारे में सुना होगा, लेकिन आज हम आपको जो बताने जा रहे हैं, वह सबसे अलग है।
दरअसल, डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके एक लड़की के पेट से आधा किलो इंसानी बाल, प्लास्टिक के टुकड़े और शैंपू के कई खाली पैकेट निकाले हैं।
आइए इसके बारे में विस्तार से जानें।
मामला
लड़की के पेट से निकली कई तरह की अजीबो-गरीब चीजें
यह मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर का है, जहां 13 वर्षीय लड़की के पेट से कम से कम आधा किलो इंसानी बाल के साथ प्लास्टिक के टुकड़े और शैंपू के कई खाली पैकेट निकले हैं।
दरअसल, कुछ महीनों से सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली इस लड़की के पेट में लगातार दर्द हो रहा था।
इसके बाद उसके घरवाले उसे शहर के निजी VGM अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके पेट से ये अजीबो-गरीब चीजें निकाली।
जानकारी
लड़की के मामले में एंडोस्कोपी प्रक्रिया रही विफल
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में जब लड़की के पेट की स्कैनिंग की गई तो उसमें गेंद जैसी कोई चीज दिखाई दी, जिसके बाद एंडोस्कोपी के द्वारा उसे निकालने का फैसला किया गया।
हालांकि, डॉक्टर की टीम ऐसा करने में विफल रही, इसके बाद ऑपरेशन के जरिए लड़की के पेट से उसे निकालने का फैसला लिया गया।
सर्जन गोकुल कृपाशंकर और उनकी टीम ने सफल सर्जरी की और लड़की के पेट से इंसानी बाल समेत कई अजीबो-गरीब चीजें निकाली।
बयान
सर्जरी के बाद पूरी तरह से ठीक है लड़की
डॉक्टर गोकुल कृपाशंकर ने बताया कि लड़की के एक करीबी रिश्तेदार की मौत हो गई थी, जिसकी वजह से वो मानसिक रूप से काफी परेशान थी। इसी वजह से लड़की शैंपू के खाली पैकेट और बाल जैसी अजीबो-गरीब चीजें खाने लगी थी और उसके पेट में दर्द होता था।
डॉक्टर गोकुल ने आगे बताया कि ऑपरेशन के बाद लड़की पूरी तरह से ठीक हो गई है और अब वो सामान्य ही रहेगी।
अन्य मामले
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
किसी लड़की के पेट में से अजीबो-गरीब चीजें निकलने का यह मामला कोई नया नहीं है, क्योंकि इससे पहले पिछले साल चीन में डॉक्टरों ने एक 14 साल की लड़की के पेट से 100 से ज्यादा बबल टी बॉल्स निकाले थे।
इसके अलावा, पिछले ही साल उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी एक लड़की के पेट से बालों का गुच्छा निकाला गया था, जिसने अपने ही बाल नोंच-नोंच कर खा रखे थे।