पूर्व MMA फाइटर ने बनाया एक घंटे में सबसे ज्यादा चिन-अप्स करने का विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) की सालों की ट्रेनिंग ने डेमियन रूनी नाम के व्यक्ति को एक नया मुकाम हासिल करने में मदद की है। दरअसल, उत्तरी आयरलैंड के रहने वाले इस व्यक्ति ने 9 किलोग्राम वजन वाली वेस्ट पहनकर एक घंटे में 499 चिन-अप्स किए। इस कमाल के प्रयास के जरिए उनका नाम गिनीज बुक में शामिल हो गया है और उन्होंने 495 चिन-अप्स वाला पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
रिकॉर्ड
MMA ने दी विश्व रिकॉर्ड बनाने की प्रेरणा
पूर्व MMA फाइटर डेमियन अपने करियर के दौरान 'द रेज' उपनाम से लड़ा करते थे। उनका कहना है कि उनके जीवन के इसी दौर ने उनमें विश्व रिकॉर्ड कायम करने की इच्छा जगाई थी।
1 जून, 2026 को डेमियन ने वजन लादकर 499 चिन-अप्स पूरे किए थे। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से फिटनेस की दुनिया से जुड़ा रहा और अपने करियर के दौरान मुझे इसके ताकत और शारीरिक क्षमता बढ़ाने वाले पहलू में काफी दिलचस्पी हो गई थी।"
चिन-अप्स
क्या होती है चिन-अप्स एक्सरसाइज?
डेमियन के मुताबिक, MMA के दौरान हुई उनकी ट्रेनिंग पुल-अप्स से ज्यादा चिन-अप्स पर केंद्रित थी, जिसके चलते उन्होंने इससे जुड़ा रिकॉर्ड बनाया।
ये दोनों एक्सरसाइज देखने में एक जैसी लग सकती हैं, लेकिन इनमें पकड़ अलग-अलग होती है और ये मांसपेशियों पर अलग-अलग तरह का दबाव डालती हैं।
चिन-अप्स करते समय हथेलियां एक्सरसाइज करने वाले व्यक्ति की ओर होनी चाहिए। इससे बाइसेप्स और पीठ की मांसपेशियों पर काफी जोर पड़ता है।
परेशानियां
पहले नाकाम हुए हैं डेमियन
डेमियन ने बीबीसी को बताया, "2018 में मैंने पहली बार 24 घंटों में सबसे ज्यादा चिन-अप्स करने की कोशिश की और चोट लगने से मेरी कुछ कोशिशें नाकाम रहीं।"
उन्हें मांसपेशियों का फटना और अत्यधिक गर्मी से शरीर का निढाल हो जाना जैसी परेशानियां झेलनी पड़ीं। हालांकि, डेमियन का कहना है कि MMA की वास्तविकताओं के सामने ये परेशानियां मायने नहीं रखतीं।
असफल कोशिश के बाद, उन्होंने ट्रेनिंग जारी रखी और अपना ध्यान एक घंटे के लक्ष्य पर केंद्रित किया।
नया रिकॉर्ड
क्या है डेमियन का अगला लक्ष्य?
रिकॉर्ड के दौरान डेमियन ने एक घंटे के समय को 2-2 मिनट के हिस्सों में बांट दिया और बीच में 30 सेकंड आराम किया। अब उनका इरादा अपने मौजूदा रिकॉर्ड को एक बार फिर ज्यादा चिन-अप्स के साथ कायम करने का है।
साथ ही वह 24 घंटे वाले रिकॉर्ड के लिए एक नई चुनौती पेश करेंगे, जिसके लिए उन्हें 10,000 रेप्स करने पड़ सकते हैं। उनका अगला रिकॉर्ड प्रयास 27 अप्रैल, 2027 को होगा।