Page Loader
उत्तर प्रदेश: युवक के पेट से निकली 62 स्टील की चम्मच, देखकर हैरान हुए डॉक्टर्स
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के एक शख्स के पेट से निकली 62 चम्मचें।

उत्तर प्रदेश: युवक के पेट से निकली 62 स्टील की चम्मच, देखकर हैरान हुए डॉक्टर्स

लेखन गौसिया
Sep 28, 2022
04:07 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बोपाडा गांव में मंगलवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पेट में तेज दर्द होने पर डॉक्टर के पास उपचार कराने पहुंचा तो जांच के बाद डॉक्टर ने उसे ऑपरेशन करने के लिए बोल दिया। इसके बाद जब डॉक्टर ने ऑपरेशन किया तो शख्स के पेट से स्टील की 62 चम्मच निकाली गई। इतनी संख्या में चम्मचें देखकर डॉक्टर भी काफी हैरान हैं।

मामला

क्या है पूरा मामला?

मुजफ्फरनगर के 32 वर्षीय विजय पेट में तेज दर्द होने की वजह से शहर के एक हॉस्पिटल में चेकअप करवाने गया था। जांच में डॉक्टर को शख्स के पेट में कुछ वस्तु दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत ऑपरेशन करने के लिए कह दिया। करीब दो घंटे के ऑपरेशन में विजय के पेट में स्टील चम्मचें देखकर खुद डॉक्टरों के भी होश उड़ गए, क्योंकि उन्होंने इससे पहले ऐसा केस नहीं देखा था। वर्तमान में युवक ICU में भर्ती है।

बयान

ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर ने क्या कहा?

ऑपरेशन के बाद डॉक्टर राकेश खुराना ने कहा कि उनके पूरे करियर में इस तरह का पहला मामला सामने आया है। इससे वह काफी हैरान है। डॉक्टर ने विजय से पूछा कि आखिर उसके पेट में इतनी चम्मचें कैसे आई तो मरीज ने बताया कि वह एक साल से ये चम्मचें खा रहा था। डॉक्टर ने आगे कहा कि वो खुद हैरत में है कि आखिर कोई इतनी ज्यादा चम्मचें कैसे और क्यों खाएगा?

जानकारी

परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र पर लगाया आरोप

मामले में विजय के परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विजय को नशे की आदत थी। ऐसे में लत छुड़ाने के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया था। वहीं पर उसे ये चम्मचें खिलाई गई हैं।

अन्य मामला

आयरलैंड में एक बुजुर्ग महिला ने निगली थी 55 बैटरियां

ऐसे मामले सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी देखने को मिले हैं। आयरलैंड के डबलिन में एक बुजुर्ग महिला के पेट से 55 बैटरियां निकाली गई थी। दरअसल, महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए खुद ये बैटरी खाईं थीं। डॉक्टर का कहना था कि आमतौर पर ठोस चीजों से पाचन क्षेत्र अवरुद्ध हो जाता है, लेकिन पेट में 55 बैटरियां का वजन ज्यादा होने के बावजूद भी महिला के पेट की संरचना बिल्कुल ठीक थी।