LOADING...
चीन: 14 वर्षीय लड़की ने अपने सिर से नोचकर खाए 3 किलोग्राम बाल, करना पड़ा ऑपरेशन
चीन में 14 वर्षीय लड़की के पेट से 3 किलोग्राम बाल निकाले गए (प्रतीकात्मक तस्वीर)

चीन: 14 वर्षीय लड़की ने अपने सिर से नोचकर खाए 3 किलोग्राम बाल, करना पड़ा ऑपरेशन

लेखन गौसिया
Nov 29, 2022
07:55 pm

क्या है खबर?

चीन में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिस पर यकीन करना थोड़ा मुश्किल है। यहां डॉक्टर्स ने एक 14 वर्षीय लड़की के पेट से तीन किलोग्राम बाल निकाले हैं, जिन्हें वह अपने सिर से ही नोचकर खा गई थी। लड़की के पेट में इतने ज्यादा बाल जमा हो गए थे कि वह खाना खाने में भी असमर्थ हो गई थी। मामले में लड़की का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।

पृष्ठभूमि

पिका नामक बीमारी से जूझ रही है लड़की

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, शांक्सी प्रांत की रहने वाली यह लड़की पिका नामक एक बीमारी से पीड़ित है। इस बीमारी में लोगों को कागज, मिट्टी और अन्य गंदी चीजें खाने की आदत होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की अपने दादा-दादी के साथ रहती है। उसके माता-पिता काम के सिलसिले में अलग जगह रहते हैं। शुरुआत में लड़की के दादा-दादी ने उसकी इस बीमारी पर ज्यादा गौर नहीं किया था।

रिपोर्ट

बालों की वजह से पेट में खत्म हो गई थी जगह

रिपोर्ट में बताया गया है कि लड़की ने अपने सिर से बालों को इतना नोचा कि वह लगभग गंजी हो गई थी। इसके अलावा लगातार बाल खाने की वजह से उसका पेट इतना भर गया था कि उसके पेट में खाने के लिए जगह नहीं रही थी। इसकी वजह से वह बीमार हो गई और उसकी आंत भी अवरुद्ध हो गईं। बीमारी बढ़ने के बाद लड़की के दादा-दादी ने उसे जियान डैक्सिंग अस्पताल में भर्ती करवाया।

Advertisement

इलाज

डॉक्टर्स ने दो घंटे सर्जरी कर लड़की के पेट से निकाले बाल

अस्पताल में जब डॉक्टर्स ने लड़की का चेकअप किया, तब उसकी बाल खाने वाली बीमारी का खुलासा हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने करीब दो घंटे की सर्जरी की और इस दौरान लड़की के पेट और आंतों से तीन किलोग्राम वजन का बालों का गुच्छा बाहर निकाला। सर्जरी में शामिल एक गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने कहा कि बालों की वजह से उसके पेट में खाने-पीने की भी जगह नहीं बची थी।

Advertisement

बयान

लड़की के मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझने की संभावना

रिपोर्ट के मुताबिक, सर्जरी के बाद फिलहाल लड़की की हालत ठीक है और वह रिकवर हो रही है। डॉक्टर्स ने मामले पर कहा, "लड़की को पिका नामक बीमारी है। वह अभी छोटी है और अपने माता-पिता से दूर रहती है। इस वजह से हो सकता है कि वह कई सालों से परेशान हो और मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझ रही हो। इसलिए उसे यह बीमारी हुई। अगर वह सबके बीच रहेगी तो जल्दी रिकवर कर सकती है।"

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

पिका मनोविकार से संबंधित एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति को नॉन-फूड आइटम खाने की इच्छा होती है। इसमें बीमार व्यक्ति हानिकारक और अनावश्यक चीजों को भी खा सकते हैं। इसके कारण कई बार व्यक्ति की जान भी चली जाती है।

Advertisement