इस कलाकार ने बनाई गुब्बारे से गणेश जी की विशाल मूर्तियां; तस्वीरें देखकर रह जाएंगे हैरान
क्या है खबर?
गणेश चतुर्थी का त्योहार पूरे भारत में 19 सितंबर से शुरू हो चुका है और 28 सितंबर को 10वें दिन गणेश विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर इंटरनेट पर अलग-अलग जगहों से कई तरह के वीडियोज और पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जो सुर्खियां बटोर रहे हैं।
इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से गुब्बारे से बनी गणेश जी की बड़ी-सी मूर्तियां दिखाई गईं हैं।
प्रदर्शनी
विदेश की प्रदर्शनी में रखी गईं हैं गणेश जी की अनोखी मूर्तियां
AI की मदद से गुब्बारे से बनी गणेश जी की अनोखी मूर्तियां कलाकार जयेश सचदेव ने बनाईं हैं। वह एक कलाकार होने के साथ-साथ वीयरेबल आर्ट लेबल क्विर्क बॉक्स के क्रिएटिव संस्थापक भी हैं।
फिलहाल उनके द्वारा बनाई गईं गणेश जी की अनोखी मूर्तियां स्विट्जरलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कला मेले 'आर्ट बेसल' में प्रदर्शन के लिए रखी गईं हैं।
इन मूर्तियों को दर्शक भी खूब पसंद कर रहे हैं।
जानकारी
सचदेव ने क्या कहा?
सचदेव कला लेबल क्विर्क बॉक्स के क्रिएटिव संस्थापक भी हैं। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बताया, "नए माध्यमों के जरिये नई संभावनाएं बड़ी-सी चीजों की संकल्पना करने का साधन भी प्रस्तुत करती हैं।"
सोशल मीडिया
सचदेव ने इंस्टाग्राम पर साझा की पोस्ट
सचदेव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदर्शनी में लगी गणेश जी की मूर्तियों की तस्वीरें भी साझा की हैं।
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, 'आर्ट बेसल में मेरी गणेश प्रतिमाएं धूम मचा रही है।'
इस पोस्ट को अभी तक 1.56 लाख से ज्यादा लोग लाइक्स कर चुके हैं और कई लोग इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
यहां तक की बॉलीवुड के अभिनेता रितेश देशमुख ने भी इन तस्वीरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
प्रतिक्रिया
यूजर्स को भी खूब पसंद आईं गणेश जी की अनोखी मूर्तियां
रितेश ने पोस्ट के कमेंट बॉक्स में लिखा, 'अभूतपूर्ण।'
उनके अलावा एक यूजर ने लिखा, 'गणेश जी बहुत प्यारे भगवान हैं और इन मूर्तियों में इस्तेमाल किए गए गुब्बारों के रंग उनके व्यक्तिगत पर अच्छे लगते हैं।'
दूसरे यूजर्स ने लिखा, 'यह मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रतिमाएं हैं। रंग और तकनीक सब कुछ बेमिसाल है।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'काश! मैं इन्हें व्यक्तिगत रूप से देख पाता। ये मूर्तियां बनाकर कलाकार ने खुद को ही मात दे दी है।'
अन्य मामला
ये हैं इस साल के सबसे अनोखे गणेशोत्सव पंडाल
गणेशोत्सव के लिए कई जगहों पर चंद्रयान-3 से लेकर G20 जैसी थीम पर अनोखे पंडाल भी बने हैं, जो बहुत सुर्खियां बटोर रहे हैं।
तमिलनाडु में चंद्रयान-3 की थीम पर एक गणेश पंडाल बनाया गया है। पंडाल के बाहर अंतरिक्ष यान का एक मॉडल सड़क के किनारे लटका हुआ है, जो एक छोटे ISRO अंतरिक्ष यान का भ्रम पैदा करता है।
इसके अलावा पुणे में अयोध्या के राम मंदिर की थीम पर एक अनोखा गणेश पंडाल भी बनाया गया है।