अमेरिकी महिला को मिली 10 साल पहले खोई हुई पालतू बिल्ली, माइक्रोचिप से हुई पहचान
इंसान को अपने पालतू जानवरों से बहुत लगाव होता है और इस कारण वह उन्हें बिल्कुल अपने बच्चों की तरह पालते हैं। हालांकि, कभी-कभी जानवार लापता हो जाते हैं और बहुत कोशिश के बाद भी नहीं मिलते, जिसके कारण उनके मालिक निराश हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला अमेरिका से सामने आया है, लेकिन खुशी की बात यह है कि महिला को अपनी खोई हुई पालतू बिल्ली 10 साल बाद वापस मिल गई है।
क्या है मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण कौरोलिना में रहने वाली एरिन की मिस्टर मोजो नामक बिल्ली उस वक्त खो गई थी, जब वो नाराज होकर घर से चली गई थी। दरअसल, एरिन ने मिस्टर मोजो और माही नामक 2 बिल्लियों को एक साथ गोद लिया था और फिर बाद में उन्होंने एक कुत्ता भी गोद लिया। एरिन कुत्ते से साथ भी रहती थी, जिसकी वजह से मोजो नाखुश थी और वह गुस्से में घर से बाहर चली गई थी।
काफी कोशिशों के बावजूद नहीं मिली मोजो
जब मोजो बहुत देर तक वापस नहीं आई तो एरिन परेशान हो गई। उन्होंने उसे ढूंढने के लिए घर के आसपास पोस्टर लगाए, सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली और एनिमल शेल्टर में पूछताछ की। हालांकि, काफी कोशिशों के बाद जब मोजो नहीं मिली तो एरिन ने उसके मिलने की उम्मीद छोड़ दी। इस कारण मोजो के खोने के 10 साल बाद जब एरिन को पता चला कि उनकी बिल्ली मिल गई है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
सोशल मीडिया पर शेयर की गई एरिन और मोजो की कहानी
एरिन को चार्ल्सटन एनिमल सोसाइटी के एक अधिकारी ने फोन करके मोजो की मिलने की जानकारी दी थी। संस्था ने अपने फेसबुक पेज पर एरिन और मोजो की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि पशु नियंत्रण अधिकारियों को मोजो एरिन के घर से लगभग 2 मील की दूरी पर मिली, जिसके बाद उसे उनकी संस्था में लाया गया। संस्था की टीम को मोजो के पास एक माइक्रोचिप मिली, जिसे स्कैन करने पर उन्हें एरिन के बारे में जानकारी मिली थी।
पोस्ट पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दे रहें हैं यूजर्स
पोस्ट में आगे बताया गया है कि जिस कुत्ते को मोजो पसंद नहीं करती थी, वह मर चुका है, लेकिन उसकी साथी माही जिंदा है और वह एरिन के साथ रहती है। वहीं यूजर्स इस फेसबुक पोस्ट पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'यह बहुत ही अच्छी कहानी है। कृपया इसे शेयर करें।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'मेरी बिल्ली भी 3 साल पहले खो गई है, लेकिन मुझे नहीं मिली। मैं एरिन के लिए खुश हूं।'