
अमेरिका: इस अध्यापक ने 53 सालों तक पढ़ाया यह विषय, बना लिया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
अमेरिका के एक 76 वर्षीय शिक्षक ने अपने रिकॉर्ड तोड़ करियर से इतिहास रच दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पॉल ड्यूरिट्स नामक व्यक्ति ने सामाजिक अध्ययन शिक्षक के रूप में सबसे लंबे करियर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
उन्होंने 1 सितंबर, 1970 से सामाजिक अध्ययन पढ़ाना शुरू किया था और इस साल 1 सितंबर को ऐसा करते हुए उन्हें करीब 53 साल हो गए हैं।
आइये इस खबर के बारे में विस्तार से जानते हैं।
मामला
गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम
इलिनोइस निवासी पॉल ने 1 सितंबर, 1970 से वुडलैंड मिडिल स्कूल में सामाजिक अध्ययन पढ़ाना शुरू किया था।
ऐसा करते हुए इस साल उन्होंने बीते 1 सितंबर को अपने करियर में 53 साल पूरे कर लिये हैं। इसके लिए उनका नाम गिनीज बुक में सामाजिक अध्ययन शिक्षक के रूप में सबसे लंबे करियर बनाने के लिए शामिल किया गया है।
स्कूल में पढ़ाने के दौरान पॉल ने कई सामाजिक अध्ययन कार्यशालाओं का विकास और नेतृत्व भी किया है।
बयान
कैसे जागी इतिहास में रुचि?
पॉल ने गिनीज अधिकारियों से बात करते हुए बताया कि इतिहास के प्रति उनकी रुचि उनके माता-पिता के कारण हुई है।
उन्होंने कहा, "मेरे पिता द्वितीय विश्व युद्ध में लड़े थे। वो मुझे युद्ध में उनकी भागीदारी के बारे में बताते थे, जिससे मुझे इतिहास में रुचि होने लगी। इसके अलावा मेरी मां ने मध्य युग के अध्ययन में मेरी रुचि जगाई। 11 साल की उम्र में मैंने सोच लिया था कि सामाजिक अध्ययन ही मेरा अध्ययन का क्षेत्र होगा।"
विषय
पॉल के पसंदीदा विषय
पॉल को युवा पीढ़ी को पढ़ाना और ज्ञान देना पसंद है इसलिए वह अभी सेवानिवृत्त नहीं हुए हैं।
उन्हें छात्रों को सामाजिक अध्ययन में विश्व युद्ध 1 और विश्व युद्ध 2 के बारे में पढ़ाना सबसे ज्यादा पसंद है, वहीं छात्रों को भी पॉल के पढ़ाने का तरीका अच्छा लगता है।
उनके एक पूर्व छात्र ने बताया था कि वह एक सामाजिक अध्ययन शिक्षक बन गये हैं और इसके लिए पॉल से ही उन्हें प्रेरणा मिली।
जानकारी
भविष्य में मौजूदा रिकॉर्ड को ही तोड़ना चाहते हैं पॉल
पॉल के मुताबिक, गिनीज विश्व रिकॉर्ड का खिताब पाना किसी भी व्यक्ति के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, अब उनकी किसी अन्य रिकॉर्ड को तोड़ने की कोई योजना नहीं है।
वह एक ही स्कूल में रहकर सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले शिक्षक बने रहना चाहते हैं।
इसके साथ ही उनकी इच्छा है कि वह अपने मौजूदा 53 साल के रिकॉर्ड को तोड़ सकें।