Loading...
नाजियों ने लूटी थी जो यहूदी पेंटिंग, 398 करोड़ रुपये में हुई उसकी नीलामी
यहूदी पेंटिंग की नीलामी (तस्वीर: क्रिस्टीज)

नाजियों ने लूटी थी जो यहूदी पेंटिंग, 398 करोड़ रुपये में हुई उसकी नीलामी

लेखन सयाली
Oct 16, 2026
10:42 am

क्या है खबर?

एम्स्टर्डम में एक यहूदी परिवार से लूटी गई वासिली कैंडिंस्की की एक पेंटिंग लंदन के 'क्रिस्टीज' में 398 करोड़ रुपये की कीमत पर बिकी है। इस पेंटिंग का नाम 'दास बंटे लेबेन (यानि रंगीन जीवन)' है, जिसे 1907 में पेरिस में रूप दिया गया था। यह पेंटिंग न केवल एक खूबसूरत रचना के रूप में देखी जा रही है, बल्कि इसे ऐतिहासिक कलाकृति के रूप में भी देखा जा रहा है। आइए नीलामी के बारे में विस्तार से जानते हैं।

इतिहास

कई लोगों के संग्रह की शोभा बढ़ा चुकी है यह पेंटिंग

इस पेंटिंग को सबसे पहले इमैनुएल और हेडविग लेवेनस्टीन ने 1927 में खरीदा था, जिन्हें कलाकृतियां जमा करने का शौक था। जर्मन कब्जा शुरू होने के कुछ ही समय बाद इसकी नीलामी हुई और इसे यहूदी संग्रहकर्ता सैल स्लिपर ने खरीद लिया।

बाद में उनके परिवार ने इसे बेयरिश लैंडसबैंक को बेच दिया, जिसने इसे म्यूनिख के लेनबाकहाउस संग्रहालय को स्थायी रूप से उधार दे दिया। यह पेंटिंग दशकों से वहीं सजी हुई थी।

पेंटिंग

लेवेनस्टीन परिवार तक वापस कैसे पहुंची यह पेंटिंग?

शोधकर्ताओं ने पाया कि 1940 में एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर संग्रहालय के एक कर्मचारी ने कूरियर के जरिए इस कलाकृति को एक नीलामीघर तक पहुंचाया था।

ऐसे कई संकेत सामने आए थे, जिनसे पता चलता है कि नाजियों ने इसे जब्त कर लिया था।

2023 में जर्मनी के सरकारी अभियोजन विभाग ने इस पेंटिंग को 'लूटी गई कलाकृति' की श्रेणी में रखा, जिसके बाद बैंक ने इसे लेवेनस्टीन परिवार के वारिसों को वापस कर दिया।

ADVERTISEMENT

नीलामी

कब और कहां हुई पेंटिंग की नीलामी?

लेवेनस्टीन दंपति के परिवार वालों ने ही इस पेंटिंग को नीलामी के लिए उपलब्ध करवाया था। क्रिस्टीज के अनुसार, बुधवार को लंदन में इसके लिए करीब 6 मिनट तक बोली लगाई गई थी।

नीलामीघर को उम्मीद थी कि यह पेंटिंग 227 से 313 करोड़ रुपये तक बिकेगी। हालांकि, इसकी कीमत उम्मीद से कई गुना ज्यादा लगी।

बता दें कि इसे खरीदने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की गई है।

ADVERTISEMENT

विवरण

क्या है इस पेंटिंग की खासियत?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह पेंटिंग बतौर एक पेंटर कैंडिंस्की के सफर में अहम भूमिका निभाती है। इसमें उन्होंने कई अलग-अलग और जीवंत रंगों के माध्यम से एक व्यस्त जगह की पेंटिंग बनाई है, जिसमें चमकीले कपड़े पहने कई किरदार दिखाई देते हैं।

क्रिस्टीज ने अपनी वेबसाइट पर इसे एक ऐसा विस्तृत दृश्य बताया है, जो जीवन से भरपूर है। पेंटिंग इतने सालों बाद भी अच्छी हालत में है और इतिहास को बयान करती है।

ADVERTISEMENT